रांची : पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन परिवारवाद के शिकार बने हैं। यह देखकर बहुत दुख होता है कि जिस चंपाई सोरेन ने पार्टी के प्रति अपना सारा जीवन समर्पित कर दिया, उन्हें ही तिरस्कृत कर मुख्यमंत्री पद से हटाया गया। वे झामुमो के परिवारवाद का शिकार बने हैं। शुक्रवार को ये बातें राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने कहीं। वे धुर्वा के गोलचक्कर मैदान में आयोजित भाजपा के मिलन समारोह में बोल रहे थे। कार्यक्रम में चंपाई सोरेन ने भाजपा की सदस्यता ली। दीपक प्रकाश ने कहा कि चंपाई सोरेन के पार्टी में शामिल होने से भाजपा कोल्हान सहित पूरे झारखंड़ में और मजबूत होगी। झामुमो ने सरल और सीधे-साधे नेता चम्पई सोरेन का अपमान करके अपने ताबूत में अंतिम कील ठोंक ली है। आसन्न विधानसभा के चुनाव में राज्य की आदिवासी, दलित और मूलवासी जनता इसका जबाब देगी। श्री प्रकाश ने कहा कि दलाल और बिचौलियों का मुखौटा बन चुकी झामुमो में अब घर की बहू सीता सोरेन,वरिष्ठ नेता चंपई सोरेन, लोबिन हेम्ब्रम जैसे निष्ठावान कार्यकर्ताओं की जगह नहीं रही।अपने ध्येय से विमुख होकर भ्रष्टाचार की ओर बढ़ रही पार्टी को जब लोबिन ने सचेत करने का प्रयास किया तो उनके खिलाफ ही दुष्प्रचार किया गया। झारखंड मुद्रा मोर्चा के पतन की यह महज एक शुरुआत है और इसकी आंच पूरे झारखंड़ में जायेगी।