logo

रांची : वार्षिक आमसभा और चुनाव के लिए चैंबर भवन तैयार

वार्षिक आमसभा और चुनाव के लिए चैंबर भवन तैयार

रांची: 

चैंबर की वार्षिक आमसभा और चुनाव की तैयारियों को लेकर आज चुनाव समिति की बैठक संपन्न हुई। मतदान के दौरान सदस्यों को किसी प्रकार की कठिनाई नहीं हो तथा मतदान स्थल और इसके आसपास यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे इसकी तैयारियों का भी जायजा लिया गया। चुनाव पदाधिकारी ललित केडिया और पवन शर्मा ने संयुक्त रूप से बताया कि चैंबर की वार्षिक आमसभा 10 सितंबर को सुबह 11 बजे से चैंबर भवन के पांचवे तल्ले ‘प्रेम कुमार पोद्दार ऑडिटोरियम‘ में आयोजित की जायेगी।

प्रथम तल में वोटर्स के लिए ये व्यवस्था
आमसभा के उपरांत दोपहर 2 बजे से मतदान आरंभ किया जायेगा। चैंबर भवन के प्रथम तल्ल पर मतदाताओं को वोटिंग स्लीप लेने की व्यवस्था की गई है। मतदाता वोटिंग स्लिप लेकर चैंबर भवन के दूसरे और चौथे तल्ले पर जाकर अपना मतदान दे सकते हैं। ड्यूस क्लियर कराने की सुविधा भी प्रथम तल्ले पर ही की गई है। ऐसे सदस्य जिनका सदस्यता शुल्क बकाया है, वे नो-ड्यूज क्लियर कराने के बाद ही वोटिंग कर सकते हैं।

मतदान स्थल में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम
विदित हो कि चैंबर चुनाव के दौरान मतदान स्थल एवं इसके आसपास सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाये रखने हेतु आज चैंबर अध्यक्ष धीरज तनेजा और चुनाव पदाधिकारी पवन शर्मा ने सिटी एसपी जो वर्तमान में यातायात पुलिस अधीक्षक के प्रभार में हैं और अनुमंडल पदाधिकारी-सदर और से मुलाकात की और चुनावी की प्रक्रियाओं से अवगत कराते हुए जिला प्रशासन की ओर से सहयोग मांगा जिसपर उन्होंने हरसंभव सहयोग के लिए आश्वस्त किया।

वार्षिक आमसभा गतिविधियों का केंद्रबिंदु
चैंबर अध्यक्ष धीरज तनेजा ने कहा कि फेडरेशन चैंबर की वार्षिक आमसभा हमारी गतिविधियों का केंद्रबिन्दु है। इस अवसर पर झारखण्ड के अग्रणी उद्यमी, व्यवसायी व प्रोफेशनल्स के अलावा प्रमुख विशिष्टजनों की उपस्थिति का अवसर हमें प्राप्त होता है। चैंबर के स्थापना से अब तक पिछले 62 वर्षों में फेडरेशन को राज्यस्तरीय स्वरूप देने की दिशा में सभी पूर्व अध्यक्षों ने तत्कालीन परिवेश के अनुसार बेहतरी के प्रयास किये हैं।

मैंने भी इस प्रयास को आगे बढाया है। वर्तमान सत्र के दौरान पॉलिसी मेकिंग निर्णयों में राज्य के स्टेकहोल्डर्स की सहभागिता हो, यह सुनिश्चित कराने का हमने भरपूर प्रयास किया है जिसके दूरगामी परिणाम आयेंगे। साथ ही उन्होंने चैंबर के आयोजित 58वीं वार्षिक आमसभा में प्रदेश के व्यापारियों व उद्यमियों को सम्मिलित होने की अपील की।