द फॉलोअप डेस्कः
जमशेदपुर के उपायुक्त अनन्य मित्तल के निर्देश पर साकची जेल में गुरुवार देर रात औचक छापेमारी की गयी। धालभूम सीडीओ शताब्दी मजूमदार के नेतृत्व में गठित 12 सदस्यीय टीम ने निरीक्षण के दौरान महिला एवं पुरुष कैदियों के दोनों वार्डो की गहन तलाशी ली। इस तलाशी के दौरान जेल के अंदर से कोई भी आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ। इसके अलावा जेल में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज, विजिटर रजिस्टर, कारा परिसर की भी जांच की गयी। कहीं किसी भी प्रकार का कोई संदिग्ध वस्तु नहीं पाया गया।
.jpeg)
इस संबंध में उपायुक्त ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देश पर सभी काराओं में माह में कम से कम दो बार औचक तलाशी ली जा रही है। दरअसल, कुख्यात बंदियों द्वारा कारा से संगठित अपराध संचालन की सभावना बनी रहती है जिससे विधि व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इस कारण एसओपी का पालन करते हुए रेड किया गया है। 
एसडीएम धालभूम के नेतृत्व में गठित टीम में सिटी एसपी कुमार शिवाशीष, जिला अवर निबंधक, अंचल अधिकारी जमशेदपुर, डीएसओ, सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी, सीओ मानगो, बीडीओ जमशेदपुर, एएमसी मानगो नगर निगम, एसओ अक्षेस तथा भारी पुलिस बल शामिल थे।