द फॉलोअप डेस्क
CCL के दरभंगा हाउस स्थित मुख्यालय में 14 अगस्त को ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सीसीएल के वरिष्ठ अधिकारियों, कोल कर्मियों, श्रमिक संघ के प्रतिनिधियों और हितधारकों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। इस दौरान तिरंगा रैली निकाली गई, जिसका नेतृत्व ‘भारत माता’ के रूप में सजी छोटी बच्ची वैष्णवी कुमारी ने किया। रैली के दौरान पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।

सांस्कृतिक कार्यक्रम और सेल्फी प्वाइंट रहे आकर्षण
मुख्यालय में ‘वंदे मातरम्’ की धुन पर देशभक्ति से जुड़ी सांस्कृतिक प्रस्तुति ने लोगों में उत्साह भर दिया। तिरंगे की थीम पर बनाया गया सेल्फी प्वाइंट भी कार्यक्रम का खास आकर्षण रहा, जहां बड़ी संख्या में कोल कर्मियों और अतिथियों ने तस्वीरें खिंचवाईं। कार्यक्रम के दौरान पूरा सीसीएल मुख्यालय देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से परिसर गूंजता रहा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान के साथ हुआ।
अधिकारियों ने दिया राष्ट्रप्रेम का संदेश
कार्यक्रम में निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (तकनीकी/संचालन) चंद्र शेखर तिवारी, निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजुरा और मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार मौजूद रहे। निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने सभी से राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाने और देश के प्रति समर्पण की भावना बनाए रखने की अपील की। वहीं, सीसी एंड पीआर विभाग के प्रमुख आलोक कुमार गुप्ता ने बताया कि सीसीएल के सभी कोयला क्षेत्रों में 9 अगस्त से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।