द फॉलोअप डेस्क, रांची:
बोकारो थर्मल से सेवानिवृत्ति के बाद अपने ही हक के पेंशन और CMPF भुगतान के लिए परेशान पूर्व CCL कर्मी की शिकायत पर धनबाद CBI ने बड़ी कार्रवाई की है। CCL कथारा एरिया की गोविंदपुर परियोजना कार्यालय में शुक्रवार को CBI की टीम ने छापेमारी कर दो क्लर्कों को कथित तौर पर 18 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। इंस्पेक्टर रघुनाथ कुमार के नेतृत्व में CBI की टीम करीब 11:30 बजे गोविंदपुर परियोजना कार्यालय पहुंची। कार्रवाई के दौरान CMPF डीलिंग क्लर्क मेघलाल महतो और पेंशन डीलिंग क्लर्क मोहम्मद इम्तियाज को गिरफ्तार किया गया।
.jpeg)
रसूल जमा की पेंशन और CMPF भुगतान से जुड़ा है मामला
मामला जनता नगर निवासी और सर्वे विभाग से करीब सात महीने पहले सेवानिवृत्त हुए रसूल जमा के पेंशन और CMPF भुगतान से जुड़ा है। आरोप है कि भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के नाम पर दोनों क्लर्क उनसे रिश्वत की मांग कर रहे थे। लंबे समय तक परेशान रहने के बाद रसूल जमा ने धनबाद CBI कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई।
दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी
शिकायत के सत्यापन के बाद CBI ने ट्रैप की कार्रवाई की। योजना के तहत शिकायतकर्ता को केमिकल लगे नोट दिए गए। जैसे ही कथित तौर पर 18 हजार रुपये दोनों क्लर्कों को दिए गए, पहले से मौजूद CBI अधिकारियों ने दोनों को मौके पर पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद CBI टीम दोनों आरोपियों को अपने साथ ले गई। कार्रवाई की खबर फैलते ही गोविंदपुर परियोजना कार्यालय में हड़कंप मच गया। मामले में CBI आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
