पूर्वी सिंहभूम
पूर्वी सिंहभूम जिले के कमलपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को गोवंश तस्करी का एक मामला सामने आया। बांगुड़दा साहेब बांध के समीप एक दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो से पुलिस ने दो गोवंश बरामद किये। आशंका जतायी जा रही है कि दोनों गोवंश को तस्करी के लिए पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था। जानकारी के अनुसार, सफेद रंग की स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। हादसे के बाद वाहन चालक और उसमें सवार अन्य लोग मौके से फरार हो गये। दुर्घटनाग्रस्त हुई वाहन पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी। बुधवार सुबह स्थानीय ग्रामीणों की नजर दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो पर पड़ी।
.jpeg)
गोवंश को पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था
वहां पास जाकर देखने पर वाहन के भीतर दो गोवंश बंधे हुए मिले, जिसके बाद इसकी सूचना कमलपुर थाना पुलिस को दी गयी। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को जब्त कर लिया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों गोवंश को सुरक्षित बाहर निकालकर गौशाला भेज दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि रात के अंधेरे में गोवंश को पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था। जिस स्थान पर दुर्घटना हुई, वहां से पश्चिम बंगाल की सीमा काफी नजदीक है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा फरार चालक और वाहन मालिक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
