जमशेदपुर:
जमशेदपुर के कदमा निवासी अंजनी कुमार मिश्रा के बेटे लक्ष्य मिश्रा की बेंगलुरु स्थित मणिपाल इंजीनियरिंग कॉलेज, येलहांका में हुई मौत का मामला अब राष्ट्रपति सचिवालय तक पहुंच गया है। बेटे की मौत की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर पिता की ओर से भेजी गयी याचिका पर राष्ट्रपति सचिवालय ने कार्रवाई करते हुए उसे संबंधित प्राधिकरण को भेज दिया है।

15 जून 2026 को राष्ट्रपति को प्राप्त हुई थी याचिका
राष्ट्रपति सचिवालय की ओर से 22 जून 2026 को जारी पत्र में बताया गया है कि 15 जून 2026 को राष्ट्रपति को संबोधित याचिका प्राप्त हुई थी। इसमें मामले पर उचित कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को पत्र भेजे जाने की जानकारी दी गयी है। साथ ही कार्रवाई की जानकारी सीधे याचिकाकर्ता को उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया गया है। गौरतलब है कि लक्ष्य मिश्रा के पिता अंजनी कुमार मिश्रा का आरोप है कि उनका बेटा आत्महत्या नहीं कर सकता था। उन्होंने आरोप लगाया कि कॉलेज हॉस्टल में रैगिंग के दौरान लक्ष्य की हत्या कर उसे नीचे फेंक दिया गया। हालांकि कॉलेज प्रशासन इसे आत्महत्या बता रहा है, लेकिन परिवार लगातार इस दावे पर सवाल उठा रहा है।

घटनास्थल की स्थिति सुसाइड से मेल नहीं खाती
अंजनी मिश्रा का कहना है कि घटनास्थल की परिस्थितियां आत्महत्या की कहानी से मेल नहीं खाती हैं। उन्होंने दावा किया कि जिस खिड़की से लक्ष्य के गिरने की बात कही जा रही है, वहां की स्थिति संदिग्ध है। नीचे मिले खून के निशान और शव की स्थिति भी कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस को घटना की सूचना देर से दी गई। फॉरेंसिक टीम के पहुंचने से पहले ही कमरे से चादर और तकिया हटा दिये गये। यहां तक कि दरवाजे के हैंडल को भी साफ कर दिया गया। इससे उन्हें सबूतों से छेड़छाड़ की आशंका है।

तीन महीने बाद भी पिता तलाश रहे जवाब
लक्ष्य की मौत को 3 महीने बीत चुके हैं, लेकिन परिवार अब भी बेटे की मौत की सच्चाई जानने के लिए संघर्ष कर रहा है। अंजनी मिश्रा ने कहा कि उन्होंने अपना इकलौता बेटा खोया है और सबसे बड़ा दर्द यह है कि आज भी उन्हें यह पता नहीं चल पाया कि आखिर उस रात उनके बेटे के साथ क्या हुआ था।
उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई किसी सहानुभूति के लिए नहीं, बल्कि सच्चाई, पारदर्शिता और जवाबदेही के लिए है। उन्होंने लोगों से अपील की कि लक्ष्य की कहानी को भुलाया नहीं जाये, ताकि मामले की सच्चाई सामने आ सके।
पिता कर रहे सीबीआई जांच की मांग
अंजनी मिश्रा ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, झारखंड के मुख्यमंत्री समेत अन्य अधिकारियों को पत्र भेजकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने झारखंड सरकार और स्थानीय विधायक से भी सीबीआई जांच कराने का आग्रह किया है। राष्ट्रपति सचिवालय की ओर से शिकायत आगे भेजे जाने के बाद अब परिवार को उम्मीद है कि मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से होगी और लक्ष्य की मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।