logo

कुएं से शव बरामद मामले का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार, हत्या की गुत्थी सुलझी

ghfjv.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र अंतर्गत चालमी गांव में हत्या कर शव को कुएं में फेंके जाने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने टोंटो निवासी लक्ष्मण हेस्सा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि दूसरा आरोपी गणेश पुरती अब भी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। मामले को लेकर पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि 2 मार्च को हत्या की सूचना मिलने के बाद चाईबासा एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जगन्नाथपुर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी शाखा और गुप्त सूचना के आधार पर 19 मार्च को एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त खून से सनी जलावन की लकड़ी और मृतक का जैकेट बरामद किया है, जो इस मामले में अहम साक्ष्य साबित हुए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक श्रीधर बारी अपने चाचा के साथ पर्व मनाने चालमी गांव आया था। घटना के दिन वह लक्ष्मण हेस्सा के घर गया, जहां नशे की हालत में गाली-गलौज को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान आरोपी की बहन लक्ष्मी हेस्सा के साथ मृतक की पुरानी कहासुनी भी सामने आई, जिससे मामला और बढ़ गया। गुस्से में आकर लक्ष्मण हेस्सा ने अपने जीजा गणेश पुरती के साथ मिलकर जलावन की लकड़ी से वार कर श्रीधर बारी की हत्या कर दी। हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से आरोपियों ने शव को रस्सी से बांधकर उसमें पत्थर लगाकर कुएं में फेंक दिया। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी गणेश पुरती की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जायेगा।

 

Tags - West Singhbhum murder case Tonto police station murder news Chalami village crime case Jharkhand Well body recovery case Jharkhand Arrest in murder case Jharkhand Absconding accused manhunt Jharkhand Jharkhand rural murder news