logo

तेज रफ्तार का कहर : सड़क किनारे चल रही मां-बेटी को कार ने कुचला, गंभीर हालत में रिम्स में भर्ती 

PULI.jpg

द फॉलोअप डेस्कः 

तेज रफ्तार लोगों के लिए खतरनाक साबित हो रहा है। इसके बावजूद भी लोग तेज रफ्तार में गाड़ी चलाने से बाज नहीं आ रहे हैं। मंगलवार को ही दो लड़कियों की नामकुम थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में मौत हो गई। इस घटना को बीते अभी 24 घंटे भी नहीं हुए हैं कि गोंदा थाना क्षेत्र के पुरानी पुलिस लाइन के पास आज एक कार ने दो लोगों को अपनी चपेट में ले लिया है। दोनों मां बेटी हैं। दोनों की हालत गंभीर बनी है। आस-पास मौजूद लोगों ने दोनों को अस्पताल भेजा है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। 


तेज रफ्तार में थी कार 
घटना के बारे में बताया जा रहा है कि दोनों सड़क किनारे पैदल चल रही थीं। तभी इतने में पुलिस लाइन की तरफ से आ रही कार ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। कार इतनी तेज रफ्तार में थी कि दोनों को टक्कर मारने  के बाद भी कंट्रोल नहीं हो सकी। एक दुकान में भी टक्कर मारते हुए आगे निकल गई। हालांकि कार चालक भागने में सफल हो गया। वहीं सरहुल की तैयारी कर रहे कुछ युवकों ने दोनों को उठाकर रिम्स भेजा है। जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। बता दें कि पिछले 24 घंटे में सिर्फ रांची में 5 लोगों की सड़क हादसे में जान चली गई है। वहीं 8 लोग अब भी अस्पताल में जिंदगी और मौत से लड़ रहे हैं।