द फॉलोअप, जमशेदपुर:
Jharkhand News: कोलकाता से काम निपटाकर जमशेदपुर लौट रहे चार कारोबारियों में से एक का सफर बुधवार देर रात हादसे में खत्म हो गया। पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त (Car Accident) हो गयी। हादसे में जमशेदपुर निवासी 42 वर्षीय मनीष अग्रवाल की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि कार में सवार तीन अन्य लोग घायल हो गये। घायलों में एक की हालत गंभीर बनी हुई है। परिजनों के अनुसार, हादसा रात करीब 1:45 बजे हुआ। बीएस इंटरप्राइजेज से जुड़े चार कारोबारी (Businessman) टाटा ऐरिस कार से कोलकाता से जमशेदपुर लौट रहे थे। इसी दौरान झाड़ग्राम के पास कार दुर्घटनाग्रस्त हो गयी।

कारोबारी जगत में शोक
हादसा इतना गंभीर था कि मनीष अग्रवाल की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। दुर्घटना में बासु (42) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उनकी स्थिति नाजुक बतायी जा रही है। वहीं, बीरू (45) के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि सचिन (42) को हल्की चोटें आयी हैं। तीनों को इलाज के लिए जमशेदपुर के टीएमएच (TMH) में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सचिन को अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी, जबकि अन्य दोनों का इलाज जारी है। घायल बासु की साकची में बसंत सेंट्रल के सामने मोबाइल की दुकान है। मनीष अग्रवाल की असामयिक मौत (Untimely death) की खबर से शहर के कारोबारी जगत में शोक है।
