logo

अभ्यर्थियों ने आठ वर्षों से लटकी JUIDCO नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने की मांग

download_(13).jpg

द फॉलोअप, रांची
नगर विकास एवं आवास विभाग के अंतर्गत कनीय अभियंताओं की नियुक्ति प्रक्रिया में हो रहे विलंब को लेकर अभ्यर्थियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को विभाग के प्रधान सचिव के आप्त सचिव को कार्यालय में एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार से जल्द नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कराने की मांग की गयी है। अभ्यर्थियों ने कहा कि झारखंड अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड (JUIDCO) में 141 कनीय अभियंताओं की नियुक्ति का मामला करीब आठ वर्षों से लंबित है, जिससे हजारों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

प्रतिनिधिमंडल ने विभागीय अधिकारियों को सौंपे गए आवेदन में बताया कि झारखंड सरकार के संकल्प संख्या-2304 दिनांक 27 अप्रैल 2018 तथा पत्रांक-4967 के तहत विभिन्न शहरी स्थानीय निकायों में संविदा आधारित कनीय अभियंताओं के कुल 141 पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किया गया था। इनमें सिविल के 93, विद्युत के 23 और यांत्रिक के 25 पद शामिल हैं। हालांकि विज्ञापन जारी होने के लगभग आठ वर्ष बाद भी नियुक्ति प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। अभ्यर्थियों ने कहा कि आवेदन के समय प्रत्येक उम्मीदवार से दो हजार रुपये शुल्क लिया गया था, लेकिन अब तक नियुक्ति नहीं होने से अभ्यर्थियों में भारी निराशा है। उन्होंने विभाग से मांग की कि लंबित प्रक्रिया को अविलंब पूरा कर योग्य अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रदान की जाए। विभागीय प्रधान आप्त सचिव संजय कुमार सिंह ने अभ्यर्थियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और JUIDCO में नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर शीघ्र सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में संजय कुमार, तपेश्वर यादव और शेखर मंडल शामिल थे।

Tags - Jharkhand Junior Engineer recruitment pending JUIDCO