रांची
माध्यमिक शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया में नागपुरी विषय के रिक्त पदों को लेकर एक अभ्यर्थी ने झारखंड हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। अभ्यर्थी जलेश्वर महतो ने अपने अधिवक्ता चंचल जैन के माध्यम से दायर रिट याचिका में दावा किया है कि सभी निर्धारित प्रक्रियाएं पूरी करने के बावजूद उन्हें नियुक्ति नहीं दी गई।
दायर याचिका में बताया गया कि विज्ञापन संख्या 02/2025 के तहत EBC-I श्रेणी में नागपुरी विषय के लिए पद निकाले गए थे। अभ्यर्थी का कहना है कि उन्होंने दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की और उनकी पात्रता पर किसी प्रकार की आपत्ति या कारण बताओ नोटिस भी जारी नहीं किया गया।

याचिका में आरोप निर्णय पारदर्शी नहीं
याचिका में आरोप लगाया गया है कि चयन प्रक्रिया के दौरान विज्ञापित पदों में से केवल एक पद का परिणाम घोषित किया गया जबकि बाकि बचे पदों को बिना किसी स्पष्ट कारण के रिक्त छोड़ दिया गया। अभ्यर्थी का कहना है कि यह निर्णय पारदर्शिता और निष्पक्षता के सिद्धांतों के अनुरूप नहीं है।
हाईकोर्ट से दायर याचिका में संबंधित अधिकारियों को रिक्त पद पर नियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश देने की मांग की गई है। इसके साथ ही अंतिम सुनवाई तक EBC-I श्रेणी में नागपुरी विषय का एक पद सुरक्षित रखने की अंतरिम राहत देने का भी अनुरोध किया गया है।