logo

लोको पायलट एसोसिएशन और रांची रेल डिवीजन में रार, कैंडल मार्च कर जताया विरोध 

लोको पायलट एसोसिएशन और रांची रेल डिवीजन में रार, कैंडल मार्च कर जताया विरोध 

द फॉलोअप डेस्कः  
लोको पायलट एसोसिएशन पिछले 1 महीने से धरना प्रदर्शन पर बैठा है। हटिया से राउरकेला तक 11 घंटे की ड्यूटी को लेकर इनका यह विरोध चल रहा है। रांची रेल डिवीजन और लोको पायलट इनदिनों आमने-सामने है। मंगलवार की शाम लोको पायलट्स ने कैंडल मार्च किया। इस विरोध में उन्होंने अपने छोटे बच्चों को शामिल किया है। दरअसल लोकोपायलट हटिया से आगे ट्रेन नहीं चलाना चाहते हैं। पिछले दिनों लोको पायलट के घर की महिलाओं ने डीआरएम ऑफिस में प्रदर्शन किया था। इधर डीआरएम प्रदीप गुप्ता का कहना है कि रेलवे में नियम के तहत काम करना होगा। उनलोगों की बात अगर  माननी होती तो अब तक मान लेते। हालांकि बात चल रही है। सकारात्मक दिशा में जल्द निर्णय होगा।

 
11 घंटे करनी होगी ड्यूटी 
लोको पायलट एसोसिएशन के सदस्य का कहना है कि हमें हटिया हेडक्वार्टर से आगे ट्रेन चलाकर जाना है तो रेलवे की तरफ से लिखित आदेश क्यों नहीं आ रहा है। जैस ही लिखित आदेश मिलेगा हम आंदोलन वापस लेंगे। इस मामले में डीआरएम कुछ स्पष्ट नहीं कहते हैं। डीआरएम प्रदीप गुप्ता ने कहा कि नियमत सभी रेलवे जोन के लोको पायलट्स को 11 घंटे ड्यूटी करनी है। उसके बाद ही उन्हें 16 घंटे आराम दिया जा सकता है। ऐसे में हटिया से राउरकेला तक ट्रेन चलानी होगी। उसके बाद ही आराम देने का प्रावधान है। बता दें कि लोको पायलट्स का शांतिपूर्ण प्रदर्शन चल रहा है। उनका कहना है कि नियम का उल्लंघन कर हमसे काम लिया जा रहा है। जब तक हमारी मांग पूरी नहीं होती है तब तक हम आंदोलन करते रहेंगे।