केरसई/सिमडेगा:
सिमडेगा जिला के केरसई ब्लॉक में पदस्थापित बीपीओ अनिल खलखो को 8 हजार रुपये घूस लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया। एसीबी ने यह कार्रवाई की है। मिली जानकारी के मुताबिक बीपीओ अनिल खलको ने टैंसेर नवाटोली गांव निवासी टीचर रंजीत खाखा से मध्याह्न भोजन की राशि आवंटित करने के एवज में रिश्वत मांगी थी। एसीबी को दिए गए लिखित शिकायत के मुताबिक बीपीओ अनिल खलखो ने शिक्षक रंजीत खाखा से 15000 रुपये की मांग की थी, लेकिन नेगोसिएशन के बाद 8 हजार रुपये में डील फाइनल हुई थी। रंजीत खाखा रिश्वत नहीं देना चाहते थे, इसलिए उन्होंने एसीबी में शिकायत कर दी।

मध्याह्न भोजन की राशि के एवज में मांगी घूस
एसीबी द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक शिक्षक रंजीत खाखा ने बताया कि उनके विद्यालय में मध्याह्न भोजन के मद में अंडा और फलाहार खिलाने के लिए कुल 1,25,394 रुपये आवंटित किए गए थे। पूर्व वित्तीय वर्ष 2024-25 में इसी मद में आवंटित राशि में 17,244 रुपये बचे थे, तो कुल मिलाकर 1,42,638 रुपये बनते हैं। रंजीत खाखा ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में अंडा और फलाहार खिलाने में 1,09,212 रुपये खर्च हुए और 33,426 रुपये बचे।
जब रंजीत खाखा इसका प्रतिवेदन तैयार करके सिमडेगा जिला मुख्यालय अंतर्गत केरसई स्थित बीआरसीसी कार्यालय पहुंचे तो बीपीओ अनिल खलखो ने 15000 रुपये की मांग की। रंजीत खाखा का कहना है कि पैसे नहीं देने पर वरीय पदाधिकारी को शिकायत करने की धमकी भी दी गई।

अधिकारियों ने घूस लेते रंगेहाथ पकड़ा
एसीबी ने बताया कि शिकायत का सत्यापन होने पर अधिकारियों की टीम ने जाल बिछाया और 24 जून 2026 को केरसई स्थित बीआरसीसी कार्यालय से अनिल खलखो को 8 हजार रुपये घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया।