द फॉलोअप डेस्कः
लोहरदगा जिले के सरेंगदाग थाना क्षेत्र अंतर्गत हेसाग कुम्बा टोली में एक 16 वर्षीय छात्र का शव प्रेमिका के घर पर फंदे से लटका हुआ मिला है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। जानकारी के अनुसार कुम्बा टोली निवासी सहिंदर उरांव के 16 वर्षीय पुत्र अमन उरांव का गांव के ही एक नाबालिग युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वहीं युवती के परिजनों ने युवक को युवती से बात करने के लिए मना किया था जिसके बाद भी युवक ने युवती से प्रेम प्रसंग जारी रखा। रविवार देर रात्रि युवक घर नहीं आया और सुबह युवक का शव बिगु उरांव के घर पर फंदे से लटका पाया गया। घटना के बाद परिजनों ने गांव में जमकर हंगामा किया और युवक की हत्या करने की आशंका जताई। वहीं घटना के बाद सरेंगदाग थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच में जुटी हुई है। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों मामले पर जांच कर रही है।
