बोकारो :
बोकारो में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पिंड्राजोरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान एक महिंद्रा एक्सयूवी से 45 कार्टन में रखी कुल 1080 कैन हायवर्ड्स बीयर बरामद की है। पुलिस ने अवैध बीयर की खेप के साथ वाहन को भी जब्त कर लिया है। मामले में वाहन मालिक, चालक समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

सूचना के बाद चास कॉलेज के पास चेकिंग
पुलिस को सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल की ओर से चास की तरफ जा रही एक महिंद्रा एक्सयूवी में भारी मात्रा में अवैध बीयर ले जाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पिंड्राजोरा पुलिस ने चास कॉलेज के पास विशेष वाहन जांच अभियान शुरू किया। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध एक्सयूवी को रोकने का प्रयास किया। हालांकि, चालक ने वाहन रोकने के बजाय पुलिस के नाके को तोड़ दिया और तेज गति से भागने लगा। इसके बाद पुलिस टीम ने वाहन का पीछा शुरू किया।
.jpeg)
45 कार्टन में मिली 1080 कैन बीयर
पुलिस टीम ने पीछा करते हुए सेक्टर-12 थाना क्षेत्र के बिरसा बासा के पास वाहन को पकड़ लिया। इसके बाद वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन के अंदर 45 कार्टन में कुल 1080 कैन हायवर्ड्स बीयर बरामद हुई। पुलिस ने अवैध शराब की खेप और महिंद्रा एक्सयूवी को जब्त कर लिया है। पुलिस के अनुसार, बरामद बीयर को बिना वैध अनुमति के ले जाया जा रहा था। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस संबंध में पिंड्राजोरा थाना कांड संख्या 109/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने वाहन मालिक, चालक समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की जांच के दौरान पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे चास में कहां पहुंचाया जाना था।