द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर से सटे कपाली क्षेत्र के इस्लामनगर वार्ड संख्या 13 में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को शोक और आक्रोश में डुबो दिया। बीते दो दिनों से लापता 14 वर्षीय छात्र एमडी समेर का शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बावनगोड़ा स्थित कबीरिया स्कूल में आठवीं कक्षा के छात्र के रूप में हुई है। वह 25 दिसंबर से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता था। शव मिलने की सूचना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गये। मृतक के पिता एमडी समीर ने बताया कि उन्होंने 26 दिसंबर को थाने में बेटे की गुमशुदगी की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। शनिवार को अचानक बेटे का शव मिलने की खबर ने पूरे परिवार को तोड़ कर रख दिया।
दूसरी ओर मृतक छात्र के घर में कोहराम मचा हुआ है। मां बदहवास हालत में हैं, वहीं परिजन और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पिता ने कहा कि हमारी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। हम दोनों पति-पत्नी मेहनत करके अपने बच्चे को पढ़ा-लिखा रहे थे। उसका भविष्य संवारने का सपना देखा था, लेकिन सब कुछ खत्म हो गया। हमें सिर्फ न्याय चाहिए। उन्होंने बेटे की मौत पर गहरा दुख जताते हुए पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश देखा गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि गुमशुदगी की शिकायत के बाद पुलिस समय रहते गंभीरता से कार्रवाई करती, तो शायद बच्चे की जान बचाई जा सकती थी। लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच, दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शव किस परिस्थिति में मिला, मौत का कारण क्या है, यह हत्या है या कोई अन्य साजिश, इन सभी सवालों के जवाब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पायेगा। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं।
