द फॉलोअप, रांची
राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित हटिया (धुर्वा) डैम से रविवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह स्थानीय लोगों की नजर डैम में जलकुंभी के बीच तैर रहे शव पर पड़ी। इसके बाद तत्काल इसकी सूचना धुर्वा थाना पुलिस को दी गई।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकाला। शव बरामद होने की खबर फैलते ही डैम के आसपास बड़ी संख्या में लोग जुट गए और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ लग गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।

मृतक की शिनाख्त में जुटी पुलिस
पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट और अन्य उपलब्ध सुरागों के आधार पर मृतक की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है। प्रारंभिक जांच में मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है।