logo

गढ़वा के डंडई गांव में तालाब से मिला नवजात बच्ची का शव, दोषियों की पहचान में जुटी पुलिस

a962.jpg

गढ़वा:

गढ़वा जिले के डंडई थानाक्षेत्र के डंडई गांव स्थित सोनेहरा मोड़ के समीप राधा-कृष्ण मंदिर के पास एक तालाब से नवजात बच्ची का शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। यह घटना मानवता को झकझोर देने वाली मानी जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पूर्व सरपंच रामा प्रसाद के तालाब में सोमवार सुबह लोगों ने एक नवजात शिशु का शव पानी में तैरता हुआ देखा। सुबह टहलने गए ग्रामीणों की नजर तालाब के किनारे पड़े शव पर पड़ी, जिसके बाद इसकी सूचना आसपास के लोगों और पुलिस प्रशासन को दी गई। 

घटनास्थल पर जुटी ग्रामीणों की भीड़
देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों के अनुसार बरामद शव एक नवजात बच्ची का है। शव पर अस्पताल में जन्म के दौरान लगाए जाने वाला किट लगा था। लोगों का अनुमान है कि बच्ची को बीती रात ही तालाब में फेंका गया होगा, क्योंकि शव न तो सड़ा-गला प्रतीत हो रहा था और न ही उससे किसी प्रकार की दुर्गंध आ रही थी। ग्रामीण अजय प्रसाद उर्फ तूफानी ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि समाज में आज भी लड़का-लड़की के बीच भेदभाव की मानसिकता पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है।

उन्होंने कहा कि किसी भी नवजात के साथ इस प्रकार का व्यवहार मानवता को शर्मसार करने वाला है। उन्होंने मामले की गहन जांच कर दोषियों की पहचान करने की मांग की।

डंडई थाना प्रभारी ने दिया जांच का भरोसा
घटना की सूचना मिलने पर डंडई थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी ने बताया कि ग्रामीणों से सूचना मिली थी कि सोनेहरा मोड़ से आगे राधा-कृष्ण मंदिर के पास स्थित तालाब में एक नवजात शिशु का शव पड़ा हुआ है। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेज दिया। उन्होंने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है तथा सभी पहलुओं पर पुलिस की नजर है। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। लोग दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Tags - JharkhandGarhwaNew Born Baby on PondNew Born Girl Child Thrown in PondCrime News