logo

हजारीबाग झील में पलटी नाव, युवक डूबा

हजारीबाग झील में पलटी नाव, युवक डूबा

द फॉलोअप डेस्कः
हजारीबाग के लोहसिंघना स्थित झील में आज एक दुखद घटना घटी, जब एक नाव पलटने से उस पर सवार युवक झील में डूब गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कर दी है, वहीं एनडीआरएफ को भी सूचित किया गया है। डूबे युवक की पहचान आलेख गौरव के रूप में हुई है, जो हजारीबाग के कोर्रा बाबूगांव का निवासी था और स्टेशनरी की दुकान चलाता था। घटना से कुछ समय पहले का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह झील के बीचों-बीच नाव पर लेटा हुआ नजर आ रहा है।
मौजूद लोगों के अनुसार, आलेख गौरव अकेले ही नाव लेकर झील के मध्य तक चला गया था। उन्होंने उसे आवाज देकर लौटने को कहा, लेकिन उसने बात नहीं मानी। तभी अचानक नाव पलट गई और वह झील में समा गया। स्थानीय गोताखोरों ने काफी प्रयास किया, लेकिन अब तक युवक का कुछ पता नहीं चल सका है। घटना की जानकारी मिलते ही हजारीबाग सदर सीओ मयंक भूषण मौके पर पहुंचे और एनडीआरएफ टीम को स्थिति से अवगत कराया। फिलहाल तलाशी अभियान जारी है।