गोड्डा:
सहायक अध्यापक ने प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी को आवेदन लिखा। अध्यापक, ऑनलाइन क्लास को लेकर कुछ समस्या का समाधान चाहते थे। इसके बाद जो हुआ, उसकी कल्पना अध्यापक ने नहीं की थी। दरअसल, प्रखड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी ने अध्यापक से स्पष्टीकरण मांग लिया है। कहा कि आपके आवेदन से आपकी अज्ञानता जाहिर होती है। आप अध्यापक जैसे पद पर क्यों बने रहने चाहिए। अब अध्यापक मुश्किल में हैं कि करें तो क्या करें।

पोड़ैयाहाट पूर्वी का है पूरा मामला
मामला दरअसल, पोड़ैयाहाट (पूर्वी) प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय गढ़ाटोला (खरकचिया) का है। स्कूल में बतौर सहायक अध्यापक कार्यरत मो. शाहजहां ने प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी को आवेदन दिया। आवेदन देने की तारीख 11 अप्रैल 2022 थी। इसमें शाहजहां ने जिक्र किया है कि, कोरोना महामारी के बाद स्कूल दोबारा खुले हैं। बीआरसी द्वारा क्लास वाइज नामांकन का प्रयास किया गया लेकिन 56 में से महज 35 बच्चों का ही नामांकन हो सका है। ऐसी स्थिति में बच्चे प्राथमिक शिक्षा खत्म कर जब माध्यमिक शिक्षा का रुख करते हैं कि अगले विद्यालय में नामांकन में दिक्कत आती है। हालांकि, खबर में हमने पूरे आवेदन का लब्बोलुआब ही दिया है। आवेदन कुछ इस प्रकार है।
सेवा में,
श्रीमान प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, पोड़ैयाहाट (पुर्वी)
विषय- नामांकन के संबंध में।
महाशय,
निवेदन पुर्वक कहना है कि उ.प्रा.वि.गढ़ाटोला खरकचिया में कोविड के बाद स्कुल खुलने के बाद बच्चों का नाम कलास वाइज ऑनलाइन कराने का बीआरसी द्वारा बहुत प्रयास किया गया। जिसमें 56 में से सिर्फ 35 बच्चें का ही नाम चड़ सका। इस स्थिती में बच्चों को आगे स्कूल में नाम लिखाने के लिए अगला स्कुल दिककत करता है।
अत: श्रिमान से निवेदन है कीआप इस समस्या का समाधान करने की कृपा की जाएं। इसके लिए सदा आभारी बना रहुंगा।
आपका विशवासी
मो. शाहजहां
शिक्षा अधिकारी ने मांग लिया है स्पष्टीकरण
अब आवेदन में वर्तनी की गलतियों को लेकर प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी ने सहायक अध्यापक मो. शाहजहां से स्पष्टीकरण मांग लिया है। कहा है कि आपके द्वारा दिए गए आवेदन में 11 शब्द गलत लिखा गया है। एक शिक्षक द्वारा सही आवेदन नहीं लिखा जाना घोर अज्ञानता का परिचायक है। शिक्षक से इस संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया है।

शिक्षक को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया है। बताने को कहा गया है कि आवेदन में अशुद्धि क्यों है। ये भी पूछा है कि गलत आवेदन लिखने के लिए क्यों ना आपकी सेवा समाप्त कर दी जाये।