logo

बीएलए-2 करें सहयोग, बीएलओ अपने दायित्व का सही ढंग से निर्वहनः विजय कुमार गुप्ता

00111.jpg

द फॉलोअप, रांची

उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल, हजारीबाग के प्रमंडलीय आयुक्त-सह-मतदाता सूची प्रेक्षक विजय कुमार गुप्ता ने आज चतरा एवं सिमरिया विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न मतदान केंद्रों एवं प्रखंड कार्यालयों का निरीक्षण कर SIR-2026 के तहत चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य का जायजा लिया। परिसदन में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, सांसद और विधायक प्रतिनिधियों के साथ बैठक भी की। इसमें SIR-2026 से संबंधित विषयों पर आवश्यक विचार-विमर्श किया गया एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के द्वारा नियुक्त BLA -02 को SIR-2026 में आवश्यक सहयोग का अनुरोध किया गया। निरीक्षण के क्रम में प्रमंडलीय आयुक्त ने कान्हाचट्टी प्रखंड अंतर्गत बकचुमा पंचायत के मतदान केंद्र संख्या 496 (बकचुमा पूर्वी), 497 (कोशमाडीह) एवं 498 (बकचुमा पश्चिमी) का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की जानकारी ली तथा संबंधित कर्मियों से आवश्यक बिंदुओं पर जानकारी प्राप्त की।

प्रमंडलीय आयुक्त ने कान्हाचट्टी एवं सिमरिया प्रखंड कार्यालय पहुंचकर सभागार में चल रहे दावा आपत्ति के शिविर का निरीक्षण किया। साथ ही संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्धारित समयसीमा के अंदर SIR-2026 से संबंधित सभी आवश्यक कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। प्रमंडलीय आयुक्त ने निर्देश दिया कि SIR कार्य में लगे बीएलओ एवं अन्य संबंधित कर्मी अपने दायित्वों का समयबद्ध तरीके से निर्वहन करें तथा मतदाताओं को आवश्यक जानकारी एवं सहयोग उपलब्ध कराएं। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके पात्र नागरिकों की पहचान कर उनका नाम मतदाता सूची में जोड़ने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी रवींद्र कुमार सहित कई पदाधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित थे।

Tags - BLA-2 BLO Commissioner South Chotanagpur SIR