logo

प्रधानमंत्री के 25 साल के सार्वजनिक जीवन पर जलेगा 'आशीर्वाद दीया', 1 महीने में होंगे 12 कार्यक्रम- अमर बाउरी

प्रधानमंत्री के 25 साल के सार्वजनिक जीवन पर जलेगा 'आशीर्वाद दीया', 1 महीने में होंगे 12 कार्यक्रम- अमर बाउरी

जमशेदपुर:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के मौके पर भाजपा जमशेदपुर महानगर में 1 महीने तक विशेष अभियान चलेगा। 17 सितंबर से शुरू होने वाले इस अभियान के तहत पार्टी 12 अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित कर मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के तौर पर उनके कार्यकाल की उपलब्धियों को जनता के बीच ले जायेगी। अभियान की शुरुआत आशीर्वाद का दीया जलाने से होगी।

दीया जलाकर पीएम के लिए मंगलकामना
भाजपा के प्रदेश महामंत्री और पूर्व मंत्री अमर बाउरी ने रविवार को जमशेदपुर स्थित पार्टी के जिला कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को भाजपा नेता और कार्यकर्ता अपने घरों और मंदिरों में दीया जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए मंगलकामना करेंगे। इसके बाद करीब एक महीने तक अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा।

पीएम की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाएंगे
अमर बाउरी ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में 13 वर्ष और देश के प्रधानमंत्री के रूप में 12 वर्ष की जिम्मेदारी संभाली है। इस दौरान केंद्र और गुजरात सरकार की ओर से लिये गये महत्वपूर्ण फैसलों, विकास योजनाओं और नीतिगत बदलावों को अभियान के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया जायेगा। पार्टी का जोर खास तौर पर इस बात पर रहेगा कि मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में देश ने किन क्षेत्रों में बदलाव और उपलब्धियां हासिल की हैं।

संवाददाता सम्मेलन में इनकी रही मौजूदगी
अभियान के दौरान मोदी सरकार के प्रमुख फैसलों के साथ-साथ भारत की वैश्विक स्थिति मजबूत होने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश के बढ़ते प्रभाव को भी प्रमुखता से रखा जायेगा। भाजपा नेताओं के मुताबिक, 25 वर्षों तक लगातार संवैधानिक और राजनीतिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करना अपने आप में एक उपलब्धि है। इसी सफर और उससे जुड़े कार्यों को अलग-अलग कार्यक्रमों के जरिये लोगों के बीच ले जाने की तैयारी है। इस संवाददाता सम्मेलन में भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा, प्रेम झा, अमरजीत सिंह राज समेत पार्टी के कई नेता मौजूद थे।

Tags - Prime Minister Narendra ModiAshirwad DiyaJharkhand BJPJharkhand News