logo

5, 6 और 7 जनवरी को सभी नगर निकायों में भाजपा का धरना, राज्यपाल को सौंपा जाएगा ज्ञापन

bjp331.jpg

रांची
भाजपा प्रदेश कार्यालय में सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की अध्यक्षता में एक अहम बैठक हुई। बैठक में लंबित नगर निकाय चुनाव को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष व सांसद आदित्य साहू, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद दीपक प्रकाश, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, भानु प्रताप शाही, प्रदेश महामंत्री व सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा, महामंत्री मनोज कुमार सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी, विधायक राज सिन्हा, पूर्व विधायक अनंत कुमार ओझा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में बाबूलाल मरांडी ने कहा कि हेमंत सरकार की मंशा नगर निकाय चुनाव कराने की नहीं है, इसलिए लगातार बहाने बनाकर चुनाव टाले जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव नहीं होने से जनता की रोजमर्रा की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है और चुने हुए जनप्रतिनिधि न होने के कारण नगर निकायों में ऑफिसरशाही हावी है।


मरांडी ने राज्य के 49 नगर निकायों (22 नगर पंचायत, 18 नगर परिषद और 9 नगर निगम) में जल्द चुनाव कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि चुनाव दलीय आधार पर और ईवीएम से कराए जाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि दलीय आधार पर चुनाव होने से सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ताओं को मौका मिलता है, जिन्हें जमीनी समस्याओं का अनुभव होता है। ईवीएम पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि जब देश प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, सांसद और विधायक ईवीएम से चुनता है, तो निकाय चुनाव भी ईवीएम से ही होने चाहिए। मरांडी ने बताया कि इन मांगों को लेकर 5, 6 और 7 जनवरी को भाजपा कार्यकर्ता राज्य के सभी नगर निकाय क्षेत्रों में धरना-प्रदर्शन करेंगे और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपेंगे।

जी राम जी योजना के समर्थन में जन-जागरण अभियान चलाएगी भाजपा : आदित्य साहू
प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष व सांसद आदित्य साहू ने कांग्रेस द्वारा जी राम जी योजना के विरोध को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि यह तुष्टीकरण की राजनीति से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने 60 वर्षों के शासनकाल में कई योजनाओं के नाम बदले और एक परिवार को महिमामंडित किया, लेकिन आज राम के नाम से उसे परेशानी हो रही है।
आदित्य साहू ने कहा कि जवाहर रोजगार योजना का नाम भी कांग्रेस ने ही बदला था, क्या वह जवाहरलाल नेहरू का अपमान था? उन्होंने कहा कि राम महात्मा गांधी के भी आदर्श थे, फिर कांग्रेस राम नाम से क्यों चिढ़ रही है। उन्होंने कहा कि जी राम जी योजना विकसित भारत के संकल्प के तहत ग्रामीण क्षेत्रों को मजबूत करने की योजना है, जिसमें गांव के लोग खुद बैठकर अपने गांव के विकास की योजनाएं तय करेंगे। उन्होंने बताया कि योजना में जियो-टैग सिस्टम, साल में दो बार ऑडिट और पूरी पारदर्शिता का प्रावधान है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि मजदूरों के लिए 100 की जगह 125 दिन रोजगार देना क्या गलत है? योजनाओं में भ्रष्टाचार रोकना और जियो-टैगिंग करना क्या गलत है? उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस भ्रष्टाचार की राजनीति करती है, इसलिए उसे पारदर्शी योजनाओं से परेशानी हो रही है। आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता जी राम जी योजना के समर्थन में अभियान चलाकर जनता को इसकी खूबियों से अवगत कराएंगे।

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest