द फॉलोअप डेस्क, रांची:
Jharkhand News: सरायकेला-खरसावां जिले (Saraikela-Kharsawan District) के गम्हरिया थाने (Gamharia Police Station Rape Case) में महिला वादी के साथ दुष्कर्म मामले में सियासत शुरू हो गई है। रविवार को राजधानी रांची समेत गुमला, जामताड़ा, पाकुड़, गढ़वा और गिरिडीह के अलावा कई जिलों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ताओं ने सीएम हेमंत (Hemant Soren) का पुतला फूंका। भाजपा ने झारखंड सरकार (Jharkhand Government) पर महिला सुरक्षा के मोर्चे पर असफल रहने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। रविवार को गढ़वा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय के रंका मोड़ और मेराल प्रखंड मुख्यालय स्थित बस स्टैंड पर विरोध प्रदर्शन किया।
जिलाध्यक्ष उदय कुशवाहा के निर्देश पर सभी प्रखंडों के मंडल अध्यक्षों ने विरोध प्रदर्शन में शिरकत की। भाजपा ने राज्य सरकार से विधि-व्यवस्था की स्थिति में सुधार करते हुए महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

पाकुड़ में महिला कार्यकर्ता सड़क पर उतरीं
पाकुड़ में भाजपा महिला प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सीमा सिंह के निर्देश पर बिरसा चौक स्थित मुख्य सड़क पर महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने सीएम का पुतला फूंका। प्रदेश कार्यकारिणी समिति सदस्य मीरा प्रवीण सिंह ने कहा कि सत्तारूढ़ झामुमो के कार्यकाल में महिलायें सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने गम्हरिया थाना दुष्कर्म कांड के आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की है। शर्मिला रजक ने आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग करते हुए उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। जिला महामंत्री रूपेश कुमार भगत ने कहा कि झारखंड में जंगलराज है। उन्होंने गम्हरिया की वारदात को निंदनीय बताते हुए कहा कि रक्षक ही भक्षक बन गए हैं।

गिरिडीह में भाजपा ने फूंका सीएम का पुतला
गिरिडीह में भाजपा जिलाध्यक्ष महेंद्र वर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सीएम हेमंत का पुतला फूंका। प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में महिला सुरक्षा की स्थिति पर सवाल उठाते हुए आरोपी को सजा और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की। जिलाध्यक्ष ने राज्य सरकार पर महिला सुरक्षा के मोर्चे पर विफल रहने का आरोप लगाते हुए महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। हालांकि, इस दौरान जिलाध्यक्ष की जुबान फिसली और वह घटनास्थल के रूप में गम्हरिया की जगह नवाडीह का जिक्र कर गए। इस पर चुटकी लेते हुए जमुआ झामुमो प्रखंड अध्यक्ष रणजीत राम ने कहा कि प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जिलाध्यक्ष को घटना के वास्तविक स्थान की जानकरी नहीं है। उन्होंने कहा कि घटना की आड़ में सीएम को बदनाम किया जा रहा है।

गुमला में थाना प्रभारी ने छीन लिया था पुतला
गुमला में भी भाजपा का सीएम का पुतला दहन करने का कार्यक्रम तय था, लेकिन सदर थाना प्रभारी दिनेश कुमार दलबल के साथ पहुंचे और पुतला छीनकर ले गए। जिलाध्यक्ष सागर उरांव ने इसे तानाशाही रवैया बताया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि क्या झारखंड में लोगों को अभिव्यक्ति की आजादी भी नहीं मिलेगी। सागर उरांव ने कहा कि मंईयां सम्मान की बात करने वाली महागठबंधन सरकार के शासनकाल में बहू-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। सुरक्षा की गुहार लगाकर गम्हरिया थाने पहुंची महिला के साथ वर्दीधारी पुलिसकर्मी ने बलात्कार किया। प्रदेश उपाध्यक्ष मुनेश्वर साहू ने राज्य सरकार पर महिला विरोधी होने का आरोप लगाया।

जामताड़ा में पीड़िता के लिए उठी न्याय की मांग
जामताड़ा में भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण के नेतृत्व में सरकार और सीएम का पुतला दहन किया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। जामताड़ा के मां चंचला चौक पर भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन की अगुवाई की। महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष पुष्पा सोरेन ने कहा कि प्रताड़ना की शिकायत लेकर गम्हरिया थाने पहुंची महिला के साथ पुलिसकर्मी द्वारा ही दुष्कर्म किए जाने की घटना चिंता का विषय है। थाना सबसे सुरक्षित माना जाता है, लेकिन जब वहां रक्षक ही भक्षक बन जाएंगे तो लोग कहां फरियाद लेकर जाएंगे। उन्होंने विधि-व्यवस्था पर चिंता जताई।
जिला मंत्री आभा आर्या ने कहा कि न्याय की उम्मीद लेकर थाने पहुंची महिला के साथ ऐसी शर्मनाक घटना अक्षमीय है। उन्होंने कहा कि केवल निलंबन से काम नहीं चलेगा, बल्कि दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ रड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।