द फॉलोअप, रांची
झारखंड में राज्यसभा चुनाव में महागठबंधन के कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा को मिली हार के बाद कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों के बीच जारी बयानबाजी पर भाजपा ने तीखा हमला बोला है। झारखंड भाजपा के मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि कांग्रेस की आंतरिक कलह अब सार्वजनिक रूप ले चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रभारी के. राजू द्वारा सहयोगी दलों को भ्रष्टाचारी और धोखेबाज बताना तथा राजद विधायक सुरेश पासवान द्वारा उन्हें गद्दार कहना इस बात का प्रमाण है कि पार्टी हार के सदमे से उबर नहीं पा रही है। प्रतुल शाहदेव ने कहा कि कांग्रेस को जनता को बताना चाहिए कि जिन राजद और माले जैसे दलों के साथ वह वर्षों तक सत्ता में रही, सरकारें चलाईं और चुनाव लड़े, वे अचानक भ्रष्टाचारी और गद्दार कैसे हो गए। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सहयोगी दल इतने अविश्वसनीय थे तो कांग्रेस उनके साथ सत्ता में क्यों बैठी थी।
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का इतिहास सत्ता के लिए साथियों का इस्तेमाल करने और मुश्किल समय में उन्हीं पर आरोप लगाने का रहा है। उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव में मिली शिकस्त के बाद कांग्रेस अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करने के बजाय सहयोगियों पर दोष मढ़ रही है। प्रतुल ने कहा कि जनता कांग्रेस की इस दोहरी राजनीति को देख रही है और इससे पार्टी का राजनीतिक दिवालियापन उजागर हो गया है।
.jpg)