द फॉलोअप डेस्क, रांची
झारखंड भाजपा ने विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 (SIR) के तहत दावा एवं आपत्तियां दर्ज करने की प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर निर्वाचन विभाग को ज्ञापन सौंपा है। पार्टी ने खासकर संथाल परगना प्रमंडल में सामने आ रही विसंगतियों की जांच कराने और दोषी लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सह SIR के प्रदेश संयोजक राकेश प्रसाद ने अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि स्वच्छ और त्रुटिरहित मतदाता सूची लोकतंत्र का मजबूत आधार है। इसी उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग द्वारा SIR-2026 की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। पार्टी ने मांग की है कि प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई योग्य भारतीय मतदाता सूची से वंचित न हो और किसी गैर-भारतीय का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो।
राकेश प्रसाद ने कहा कि झारखंड के कुछ क्षेत्रों में निर्धारित नियमों के विपरीत कार्य किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। उन्होंने विशेष रूप से संथाल परगना प्रमंडल में सामने आ रही विसंगतियों को गंभीर और चिंताजनक बताया। पार्टी ने इन मामलों से संबंधित समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों की प्रतियां भी ज्ञापन के साथ संलग्न की हैं।

‘नो मैपिंग’ वाले मतदाताओं की सूची उपलब्ध कराने की मांग
ज्ञापन में कहा गया है कि 15 सितंबर 2026 तक दावा और आपत्तियां दर्ज करने की अवधि में फार्म-6, 7 और 8 भरने की प्रक्रिया चल रही है। भाजपा ने मांग की है कि जिन मतदाताओं का नाम प्रारूप मतदाता सूची में है, लेकिन सत्यापन के लिए 2003 से संबंधित आधार उपलब्ध नहीं कराने के कारण वे ‘No Mapping’ सूची में हैं, उनकी सुनवाई के बाद विधानसभा क्षेत्रवार स्वीकृत सूची सार्वजनिक की जाए। पार्टी का कहना है कि इससे पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहेगी।
संथाल परगना में कई मामलों का उठाया मुद्दा
ज्ञापन में राजमहल विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 187, गृह संख्या 137 का उदाहरण देते हुए कहा गया है कि वर्ष 2019 की मतदाता सूची में यहां 12 मतदाता दर्ज थे, जबकि वर्तमान मतदाता सूची में यह संख्या बढ़कर 26 हो गई है।
भाजपा ने साहेबगंज जिले के बोरियो विधानसभा क्षेत्र के मंडरो प्रखंड स्थित लालमाटी गांव की मतदाता सूची को लेकर भी सवाल उठाए हैं। पार्टी ने दावा किया है कि गांव में मुस्लिम परिवारों का घर नहीं होने के बावजूद मतदाता सूची में दर्जनों मुस्लिम मतदाताओं के नाम दर्ज हैं और तेलियागढ़ी बूथ पर उनके मतदान करने की बात सामने आई है।
ज्ञापन में साहेबगंज जिले में मतदाता सूची से जुड़े उम्र संबंधी कथित विसंगतियों का भी उल्लेख किया गया है। पार्टी ने दावा किया कि कुछ मामलों में पिता-पुत्र की उम्र में महज 2-3 वर्ष का अंतर दर्ज है, जबकि एक मामले में 15 वर्ष के मतदाता को पिता और उसी मतदाता को 30 वर्ष की उम्र में दादा बताया गया है।

फार्म-7 लेने से इनकार और बीएलए-2 की जानकारी सार्वजनिक करने का आरोप
भाजपा ने गोड्डा विधानसभा क्षेत्र के बसंतराय प्रखंड में बूथ संख्या 9 और 38 का मामला भी ज्ञापन में उठाया है। पार्टी के अनुसार, 25 अगस्त 2026 को इन बूथों के BLA-2 द्वारा प्रस्तुत फार्म-7 लेने से संबंधित BLO ने कथित तौर पर इनकार कर दिया। भाजपा के BLA-1 ने इसकी मौखिक सूचना प्रखंड विकास पदाधिकारी और अनुमंडल पदाधिकारी, गोड्डा को दी, लेकिन पार्टी का दावा है कि अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
ज्ञापन में बूथ संख्या 9 पर BLA-2 द्वारा दिए गए फार्म-7 तथा उसके नाम और राजनीतिक दल की जानकारी BLO द्वारा सार्वजनिक किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। भाजपा का कहना है कि इसके कारण संबंधित BLA-2 को स्थानीय स्तर पर दबाव और धमकी का सामना करना पड़ रहा है।
पार्टी ने इसे भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का उल्लंघन बताते हुए उचित कार्रवाई की मांग की है। भाजपा ने निर्वाचन विभाग से पूरे मामले की जांच कर दोषी अधिकारियों एवं कर्मियों पर कार्रवाई करने तथा भविष्य में इस प्रकार की शिकायतों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की है।