logo

निशा भगत को न्याय दिलाने सड़क पर उतरेगी BJP, 18 नवंबर को दक्षिणी छोटानागपुर बंद का ऐलान

निशा भगत को न्याय दिलाने सड़क पर उतरेगी BJP, 18 नवंबर को दक्षिणी छोटानागपुर बंद का ऐलान

द फॉलोअप डेस्क:

Nisha Bhagat Case: रांची (Ranchi) में बीजेपी एसटी मोर्चा (BJP ST Morcha) के प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो (Sunny Toppo) ने आदिवासी नेत्री निशा भगत (Nisha Bhagat) के मामले को लेकर प्रेस वार्ता की। उन्होंने कहा कि निशा भगत लगातार आदिवासी समाज के मुद्दों को मुखरता से उठाती रही थीं। समाज की बातों को बेबाकी से रखने वाली इस आदिवासी बेटी ने झारखंड सरकार (Jharkhand Government) और सरकार के आसपास बैठे लोगों के कारण आत्महत्या कर ली। सन्नी टोप्पो ने आरोप लगाया कि सरकार ने उनकी आवाज को दबाने का काम किया। इस घटना से पूरा आदिवासी समाज आहत है। उन्होंने कहा कि बीजेपी एसटी मोर्चा निशा भगत को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करेगा। इसी कड़ी में 10 नवंबर, मंगलवार को दक्षिणी छोटानागपुर के सात संगठनात्मक जिलों में मशाल जुलूस निकाला जाएगा। वहीं, 11 नवंबर, बुधवार को शाम 5 से 6 बजे तक आदिवासी संगठनों और महिलाओं की ओर से कैंडल मार्च निकाला जाएगा। छठ पर्व को देखते हुए आंदोलन की आगे की तारीखें तय की गई हैं।

पूर्व विधायक राम कुमार पाहन ने सरकार पर साधा निशाना

प्रेस वार्ता में पूर्व विधायक राम कुमार पाहन ने कहा कि निशा भगत ने अपनी बातों के जरिए इस सरकार को आईना दिखाने का काम किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के गुंडों ने निशा भगत पर कई झूठे आरोप लगाए, लेकिन सरकार ने अब तक इस मामले में कोई संज्ञान नहीं लिया है। राम कुमार पाहन ने कहा कि बीजेपी उन्हें न्याय दिलाने का काम करेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से जनता को गुमराह करना बंद करने की बात कही। साथ ही कहा कि बीजेपी के कार्यकर्ता गांव-गांव तक जाकर इस मामले को लेकर आंदोलन करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि निशा भगत को न्याय दिलाने की मांग को लेकर पार्टी पीछे नहीं हटेगी।

17 नवंबर को मंडलों में मशाल जुलूस

बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता आरती कुजूर ने भी निशा भगत के संघर्ष को याद करते हुए कहा कि उन्होंने आदिवासी समाज के हितों के लिए लगातार आवाज उठाई और जमीन के धंधे पर अंकुश लगाने का काम किया। उन्होंने कहा कि अब पानी नाक से ऊपर उठ चुका है। आरती कुजूर ने आरोप लगाया कि आदिवासी नेत्री निशा भगत के चरित्र पर गंभीर और झूठे आरोप लगाए गए। उन्होंने कहा कि निशा भगत को न्याय दिलाने के लिए बीजेपी चरणबद्ध आंदोलन करेगी। आंदोलन के अगले चरण में 17 नवंबर को दक्षिणी छोटानागपुर के विभिन्न मंडलों में मशाल जुलूस निकाला जाएगा। इसके बाद 18 नवंबर को दक्षिणी छोटानागपुर के जिलों में बंद बुलाया गया है। बीजेपी नेताओं ने साफ किया कि निशा भगत को न्याय दिलाने की मांग को लेकर पार्टी सड़क से लेकर गांव तक आंदोलन करेगी।

Tags - Jharkhand News Jharkhand Latest News Nisha Bhagat Justice BJP Protest Ranchi Nisha Bhagat Case Sunny Toppo Press Conference