logo

बंधु पर बरसे भाजपा सांसद आदित्य साहू पूछा, किस हक से करते हैं जल, जंगल और जमीन की बात 

bandhu_11.jpg

रांची 

भाजपा प्रदेश महामंत्री और सांसद आदित्य साहू ने आज कांग्रेस नेता बंधु तिर्की पर पलटवार किया। कहा कि झारखंड के जल, जंगल और जमीन की लूट में कांग्रेस भी शामिल है। फिर बंधु तिर्की किस हक से सवाल पूछ रहे हैं। सांसद ने कांग्रेस पार्टी औऱ बंधु तिर्की को घेरे में लेते हुए कहा कि कांग्रेस तो झारखंड की सत्ता में भागीदार है। महागठबंधन का प्रमुख हिस्सा है। ऐसे में कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष जल, जंगल और जमीन की लूट के लिए किस से सवाल पूछ रहे हैं। सासंद ने कहा कि बंधु तिर्की ने हिम्मत तो दिखाई मगर पूरा सच नहीं बोल सके। उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन की लूट और भ्रष्टाचार में मुख्यमंत्री और उनका पूरा कुनबा शामिल है। कांग्रेस पार्टी सरकार का हिस्सा होने के कारण अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती है।


हंसना और गाल फुलाना दोनों एक साथ नहीं चलेगा 

साहू ने कहा कि बंधु तिर्की राज्य में फर्जी दस्तावेज, भ्रष्ट अधिकारी औऱ बिचौलियों की बात कर रहे है। आखिर इन पर लगाम लगाने की जिम्मेवारी किस पर है। कांग्रेस पार्टी को भी लगने लगा है कि वह जनता से दूर हो रही है। फिर भी उसे सत्ता का सुख चाहिए। कहा कि विपक्ष की भाषा बोलकर सत्ता की मलाई खाना कांग्रेस को बंद करना चाहिए। कहा कि कांग्रेस पार्टी हंसना और गाल फुलाना दोनों एक साथ करना चाहती है। ये कितने दिन चलने वाला है।