logo

भाजपा विधायक पर रंगदारी मांगने का आरोप, क्रशर संचालक ने दी मानहानि केस की चेतावनी

g5.jpg

द फॉलोअप, गढ़वा
गढ़वा जिले के पिंडरा स्थित एक क्रशर संचालक ने स्थानीय भाजपा विधायक सत्येन्द्रनाथ तिवारी और उनके प्रतिनिधि रिंकू तिवारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में व्यवसायी अंजनी सिंह ने दावा किया कि क्षेत्र में कारोबार करने के लिए उन पर कथित रूप से रंगदारी देने का दबाव बनाया जा रहा है।

उनका कहना है कि पैसा नहीं देने पर उनके क्रशर का संचालन बाधित करने और उसे बंद कराने की कोशिश की जा रही है।अंजनी सिंह ने आरोप लगाया कि वे सरकार को सभी निर्धारित करों का भुगतान करते हैं इसके बावजूद उनसे अतिरिक्त धन की मांग की जाती है।

उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके क्रशर के खिलाफ स्थानीय लोगों को उकसाकर विरोध कराया जा रहा है। अंजनी सिंह ने कहा कि उनकी सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है और उन्हें गलत तरीके से रंगदार बताया जा रहा है जबकि उनके खिलाफ इस तरह का कोई मामला दर्ज नहीं है।

विधायक के प्रतिनिधि ने मांगे पैसे 
प्रेस वार्ता में उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सड़क निर्माण कार्य के दौरान विधायक प्रतिनिधि की ओर से उनसे पैसे मांगे गए थे। मांग पूरी नहीं करने के बाद से उनके व्यवसाय को निशाना बनाया जा रहा है। अंजनी सिंह ने चेतावनी दी कि यदि विधायक सत्येन्द्रनाथ तिवारी एक सप्ताह के भीतर सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते हैं तो वे उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करेंगे।

उन्होंने कहा कि इस मामले में न्यायालय का दरवाजा खटखटाया जाएगा और कानूनी प्रक्रिया के तहत न्याय की मांग की जाएगी। बता दें कि विधायक सत्येन्द्रनाथ तिवारी या उनके प्रतिनिधि की ओर से इन आरोपों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
 

Tags - BJP MLA extortion allegationGarhwa crusher operatorDefamation case warningJharkhand political controversyGarhwa newsI prefer this response