द फॉलोअप डेस्क
भारतीय जनता पार्टी झारखंड प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की सहमति से प्रदेश प्रवक्ताओं, मीडिया एवं सोशल मीडिया टीम की नई सूची जारी कर दी गई है। जारी सूची के अनुसार प्रतुल शाहदेव को भाजपा का मुख्य प्रदेश प्रवक्ता बनाया गया है। इसके अलावा प्रदेश प्रवक्ता के रूप में प्रदीप सिन्हा, अजय साह, रामाकांत महतो, अमय सिंह, अमित मंडल, अविनेश कुमार, संदीप वर्मा, रविनाथ किशोर, रणधीर सिंह, दीनदयाल वर्णवाल, दिनेश विलियम मरांडी, आरती कुजूर, रफिया नाज, अशोक बड़ाइक, के.के. गुप्ता, मृत्युंजय शर्मा, प्रकाश सिंह और शोभा यादव को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

योगेंद्र प्रताप सिंह बने मीडिया प्रभारी
प्रदेश मीडिया विभाग में योगेंद्र प्रताप सिंह को मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं अजय राय, सतीश सिन्हा, मो. तारिक इमरान, नीरज सिंह और सूरज नाथ शाहदेव को प्रदेश मीडिया टीम में शामिल किया गया है। पार्टी नेतृत्व ने मीडिया विभाग को संगठन की नीतियों और कार्यक्रमों को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की अहम जिम्मेदारी सौंपी है।

राहुल अवस्थी को सोशल मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी
भाजपा ने सोशल मीडिया विभाग का भी पुनर्गठन किया है। राहुल अवस्थी को प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक बनाया गया है। उनके साथ रजनीश कुमार पांडेय, राहुल शाहदेव और प्रिया करमाली को सह संयोजक नियुक्त किया गया है। पार्टी का मानना है कि डिजिटल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर संगठन की उपस्थिति को और मजबूत बनाने में नई टीम महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।