logo

जामताड़ा में सांप्रदायिक तनाव के पीड़ित परिवार से मिला भाजपा का प्रतिनिधिमंडल, निष्पक्ष जांच की मांग

bhajpa3.jpg

​जामताड़ा: 

करमाटांड के थंडारडीह गांव में सोशल मीडिया पोस्ट पर उपजे विवाद के बाद हुई कथित तोड़फोड़, मारपीट, लूटपाट और मंदिर में तोड़फोड़ की घटना ने तूल पकड़ लिया है। इस मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा के नेतृत्व में थंडरडीह गांव पहुंचा और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी ली। प्रतिनिधिमंडल में बगोदर विधायक नागेंद्र महतो, विधायक अमित यादव, विधायक मंजू देवी, प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील सोरेन, प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, प्रदेश प्रवक्ता व पूर्व मंत्री रणधीर सिंह तथा जिलाध्यक्ष सुमित शरण समेत कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल थे।

भाजपा नेताओं ने घटना की तीव्र निंदा की 
​भाजपा नेताओं ने घटना की तीव्र निंदा करते हुए जिला प्रशासन पर घोर लापरवाही और मामले को कमजोर करने का सीधा आरोप लगाया। पीड़ित परिवार से मिलने के बाद भाजपा नेताओं ने कहा कि यदि सोशल मीडिया पर कोई आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी, तो उसके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया के तहत शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की जानी चाहिए थी। किसी भी व्यक्ति या समूह को कानून अपने हाथ में लेने, किसी के घर में घुसकर हमला करने या हिंसा फैलाने का अधिकार नहीं है।

कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ हो कार्रवाई
​प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से इस पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। भाजपा नेताओं ने स्पष्ट किया कि जांच में यह सामने आना चाहिए कि विवाद की शुरुआत किस तरह हुई, मामले ने तूल कैसे पकड़ा और घटना के दौरान किन-किन उपद्रवियों की क्या भूमिका रही। नेताओं ने कहा कि किसी की धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणी पर कानून के तहत निष्पक्ष कार्रवाई हो, लेकिन इसके जवाब में भीड़ द्वारा कानून हाथ में लेना, महिलाओं के साथ मारपीट, तोड़फोड़ और लूटपाट करना पूरी तरह से अस्वीकार्य है।

विधायकों ने तुष्टिकरण का लगाया आरोप
​पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने कहा कि भाजपा इस संकट की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की वर्तमान सरकार गुंडागर्दी के बल पर चल रही है और एक विशेष समुदाय के तुष्टिकरण के लिए काम कर रही है। गांव के हालात देखकर यह साफ झलकता है। बगोदर विधायक नागेंद्र महतो ने कहा कि 22 तारीख को एक समुदाय के लोगों ने संगठित होकर भूदेव यादव के घर पर हमला किया, तोड़फोड़ की और मारपीट की। उन्होंने कहा कि इस शासन में बहुसंख्यक समाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पूरे प्रदेश में विधि-व्यवस्था की स्थिति दयनीय!
​विधायक मंजू देवी ने घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि थंडारडीह के मंदिर में तोड़फोड़ और यादव परिवार की माताओं-बहनों के साथ घर में घुसकर की गई बदसलूकी बेहद निंदनीय है। उन्होंने सवाल उठाया कि "यह भारत है, पाकिस्तान नहीं।" उन्होंने स्थानीय मंत्री पर हमला बोलते हुए कहा कि जब मंत्री का अपना क्षेत्र ही सुरक्षित नहीं है, तो पूरे राज्य की कानून-व्यवस्था का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।

धायक अमित यादव ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मंत्री किसी विशेष जाति या समुदाय के नहीं होते। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में जनसांख्यिकी बदलकर गरीबों और हिंदुओं पर लाठी-डंडे चलवाए जा रहे हैं। घटना के तीन घंटे बाद पुलिस का पहुंचना यह साबित करता है कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। भाजपा ने चेतावनी दी है कि यदि सभी दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा नहीं दी गई, तो पार्टी चुप नहीं बैठेगी।

Tags - Jharkhand JamtaraCommunal TensionJharkhand Police