द फॉलोअप डेस्क, रांची:
झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज है। बीजेपी के समीर उरांव और कांग्रेस के धीरज साहू का कार्यकाल इसी महीने खत्म हो रहा है। खाली हो रही 2 सीटों पर चुनाव होगा। बीजेपी और गठबंधन ने फिलहाल प्रत्याशियों के नाम का ऐलान नहीं किया है लेकिन बीजेपी की ओर से कई नामों पर मंथन किया जा रहा है। बता दें कि पहले इस लिस्ट में आशा लकड़ा का नाम सबसे आगे बताया जा रहा था। आशा लकड़ा, रांची की मेयर रही हैं और पार्टी में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जैसे पद पर भी रही हैं। राज्यसभा के लिए उनका नाम सुर्खियों में था लेकिन सूत्रों के हवाले से मिल रही ताजा जानकारी के मुताबिक, आशा लकड़ा राज्यसभा की दौड़ से बाहर हो गई हैं। हालांकि, बीजेपी उनको केंद्रीय दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री बनाने पर विचार कर रही है। कहा जा रहा है कि आशा लकड़ा को एसटी आयोग का उपाध्यक्ष बनाया जा सकता है।

राज्यसभा के लिए इन नामों पर सर्वाधिक चर्चा
बीजेपी की तरफ से राज्यसभा चुनाव में प्रत्याशी के तौर पर जेबी तुबिद, अरुण उरांव, अमरनाथ मुंडा, राज्य सरकार के अधीन कार्यरत एक पुलिस अधिकारी, गणेण मिश्रा और रविंद्र राय का नाम सुर्खियों में है। सूत्रों का कहना है कि इसमें भी रवींद्र राय का नाम सबसे आगे चल रहा है। बताया जा रहा है कि आगामी लोकसभा चुनाव और फिर इसी साल होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर, बीजेपी राज्यसभा सांसद और लोकसभा में उम्मीदवारों का नाम तय कर रही है। गौरतलब है कि 21 मार्च को राज्यसभा का चुनाव होना है। बीजेपी के मौजूदा राज्यसभा सांसद समीर उरांव को इस बार लोहरदगा से लोकसभा प्रत्याशी बनाया गया है।

चतरा और धनबाद सीट पर बीजेपी में मंथन जारी
भारतीय जनता पार्टी ने बीजेपी के 14 में से 11 लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। अभी चतरा, धनबाद और गिरिडीह सीट पर उम्मीदवारों का ऐलान नहीं किया गया है। गिरिडीह सीट, आजसू के खाते में जायेगी। बीजेपी में चतरा और धनबाद सीट पर मंथन जारी है।