logo

छात्रों के मुद्दे पर BJP का 4 दिवसीय आंदोलन कल से, 24 जिलों में प्रदर्शन और DC-SP कार्यालय घेराव

छात्रों के मुद्दे पर BJP का 4 दिवसीय आंदोलन कल से, 24 जिलों में प्रदर्शन और DC-SP कार्यालय घेराव

द फॉलोअप डेस्क, रांची:
JPSC, JSSC CGL समेत विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और छात्रों पर दर्ज मुकदमों के खिलाफ भाजपा ने चार दिवसीय राज्यव्यापी आंदोलन की तैयारी पूरी कर ली है। आंदोलन 8 सितंबर यानी कल से 11 सितंबर तक झारखंड के सभी 24 जिला मुख्यालयों में आयोजित किया जाएगा। भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने बताया कि इस दौरान जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन के साथ डीसी और एसपी कार्यालय का घेराव किया जाएगा। पार्टी ने आंदोलन को लेकर विभिन्न जिलों में अपने वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी है। हालांकि, पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता चंपई सोरेन को इस आंदोलन में कोई जिम्मेदारी नहीं दी गई है।

झारखंड के इन जिलों में होगा आंदोलन

भाजपा की प्रमुख मांगों में JPSC, JSSC CGL समेत भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित गड़बड़ी की जांच, दोषियों की गिरफ्तारी, पूरे मामले की CBI जांच और शांतिपूर्ण आंदोलन करने वाले छात्रों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेना शामिल है। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू 8 सितंबर को रांची, 9 सितंबर को सरायकेला और 11 सितंबर को खूंटी में आंदोलन का नेतृत्व करेंगे। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी 8 सितंबर को दुमका, 9 सितंबर को पाकुड़, 10 सितंबर को साहेबगंज और 11 सितंबर को गोड्डा में मौजूद रहेंगे।

रघुवर दास, संजय सेठ सहित ये नेता करेंगे आंदोलन 
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, मधु कोड़ा, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र राय और दीपक प्रकाश समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं को भी अलग-अलग जिलों की जिम्मेदारी दी गई है। अमर बाउरी ने कहा कि भाजपा ने छात्रों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने के लिए राज्य सरकार को पहले अल्टीमेटम दिया था, लेकिन सरकार की ओर से कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद पार्टी ने राज्यव्यापी आंदोलन का फैसला लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा छात्रों की न्याय की लड़ाई में उनके साथ मजबूती से खड़ी है।

Tags - JharkhandBJP StudentProtest JPSC JSSC JharkhandPolitics