द फॉलोअप डेस्क
झारखंड स्थित पश्चिमी सिंहभूम जिला के नोवामुंडी प्रखंड के कोटगढ़-दूधविला पुलिया के पास बीते सोमवार को एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। जानकारी के अनुसार बाइक पर तीन युवक बिना हेलमेट के बैठे थे। हादसा इतना जोरदार था कि बाइक फिसलते ही तीनों युवक सड़क से दूर जाकर गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। सड़क पर चलते हुए लोगों ने जैसे ही इसे देखा दौड़ पड़े। वहीं, इस घटना की सूचना मिलते ही नोवामुंडी थाना की सब इंस्पेक्टर पूर्णिमा कुमारी ने तत्काल कार्रवाई की। उन्होंने बिना देर किए टाटा स्टील हॉस्पिटल की एंबुलेंस घटनास्थल पर भेजी। तीनों युवकों को उठाकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार, हादसे में जारका पूर्ति की आंख में गंभीर चोटें आई है। वहीं, राजेश गोप और आशीष नाथ गोप के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। डॉक्टरों का कहना है कि दोनों की स्थिति नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। वहीं, चिकित्सकों का कहना है कि बिना हेलमेट गाड़ी चलाने के कारण सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जो कई बार जानलेवा साबित हो सकती है। फिलहाल सभी घायलों की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
.jpeg)
बहरहाल, पुलिस द्वारा पूछताछ में मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि बाइक की रफ्तार बहुत तेज थी जिसके कारण पुलिया के पास पहुंचते ही चालक संतुलन खो बैठा और बाइक फिसल गई। वहीं, पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं, लोगों का कहना है कि अगर तीनों युवक हेलमेट पहने होते, तो इतनी गंभीर चोटें नहीं लगती।