logo

जामताड़ा में बैंक और बिजली बिल के नाम पर ठगी करने वाले 5 साइबर अपराधी को पुलिस ने दबोचा

jam_cyber3.jpg

जामताड़ा 

जामताड़ा जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस को एक बार फिर बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक (SP) शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाने की पुलिस ने विभिन्न इलाकों में ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने देश भर के लोगों को चूना लगाने वाले कुल 5 शातिर साइबर ठगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह पूरी कार्रवाई करमाटांड़ थाना क्षेत्र के ग्राम मटटाँड़, सियाटाँड़, झिलुआ के जंगलों और नारायणपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लोकनियाँ में योजनाबद्ध तरीके से चलाई गई। साइबर थाने में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान एसपी शंभू कुमार सिंह ने इस बड़ी सफलता की विस्तृत जानकारी दी। पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों में युवा और शातिर अपराधी शामिल हैं, जिनमें विष्णु मंडल (19 वर्ष) पिता: बाबूराम मंडल, निवासी मटटाँड़ (करमाटांड़), सचिन मंडल (19 वर्ष) – पिता: कमलेश मंडल, निवासी: काशीटाँड़ (करमाटांड़), सागर नायक (27 वर्ष) – पिता: पोमपाल नायक, निवासी: बाँसपहाड़ी (करमाटांड़), किशोर दास (23 वर्ष) – पिता: लालचंद दास, निवासी: लोकनियाँ (नारायणपुर), विश्वजीत दास (25 वर्ष) – पिता: अमीलाल दास, स्थाई पता: दुर्गापुर (पश्चिम बंगाल), वर्तमान निवासी: लोकनियाँ (नारायणपुर) का रहने वाला है।

फर्जी लिंक या कॉल के माध्यम से
छापेमारी के दौरान पुलिस ने अपराधियों के सुरक्षित ठिकानों से भारी मात्रा में तकनीकी उपकरण और नकदी जब्त की है, जिसका इस्तेमाल ठगी के लिए किया जा रहा था। 15 मोबाइल फोन, 14 पीस सिम कार्ड, 04 एटीएम कार्ड, 02 लैपटॉप और पचास हजार रुपये नगद बरामद हुए हैं। पुलिस पूछताछ में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि ये अपराधी मुख्य रूप से दो तरीकों से देश भर के भोले-भाले लोगों को अपना शिकार बनाते थे। ये अपराधियों बैंक के नोडल अधिकारी बनकर क्रेडिट/डेबिट कार्ड धारकों को फोन करते थे। कार्ड ब्लॉक होने का झांसा देकर उनसे गुप्त जानकारियां (OTP/CVV) हासिल करते थे और PhonePe/Google Pay के जरिए खाते से पैसे उड़ा लेते थे। बिजली विभाग का अधिकारी बनकर उपभोक्ताओं को बिजली काटने का डर दिखाकर, फर्जी लिंक या कॉल के माध्यम से बिजली बिल भुगतान के नाम पर डिजिटल ठगी को अंजाम देते थे।

दोनों पहले से ही चार्जशीटेड हैं

इस मामले को लेकर साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 29/26 और कांड संख्या 30/26 (दिनांक 23.05.2026) के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023, IT Act और Telecommunications Act 2023 की विभिन्न गंभीर धाराओं के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त सागर नायक और किशोर दास का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और दोनों पहले से ही चार्जशीटेड हैं। इनका कार्यक्षेत्र मुख्य रूप से देश के विभिन्न राज्य रहे हैं। SP शंभु कुमार सिंह के निर्देश पर गठित इस सफल छापेमारी दल का नेतृत्व पु०नि०-सह-थाना प्रभारी राजेश मंडल कर रहे थे। टीम में पु०नि० मनीष कुमार गुप्ता, पु०अ०नि० संजय कुमार सिंह और पु०अ०नि० हीरालाल महतो के साथ रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।

Tags - Jamtara Cyber Crime Cyber Fraud Gang Busted Jamtara Police Raid SP Shambhu Kumar Singh Cyber Criminals Arrested