logo

रांची में 10 विद्यालयों के 693 छात्र-छात्राओं के बीच साइलिक वितरित

5678.jpg


द फॉलोअप, रांची

झारखंड सरकार की छात्र हितैषी योजनाओं के तहत सोमवार को रांची में निःशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। टीवीएस सीएम स्कूल ऑफ एक्सलेंस, जगन्नाथपुर स्थित क्लस्टर प्वाइंट पर आयोजित कार्यक्रम में राज्य के कल्याण मंत्री चमरा लिण्डा ने 10 विद्यालयों के कुल 693 छात्र-छात्राओं को साइकिल वितरित की। इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि हर छात्र-छात्रा तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचे और आर्थिक या भौगोलिक कारणों से किसी की पढ़ाई प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के लिए सरकार लगातार नई पहल कर रही है। इसी कड़ी में मेडिकल और इंजीनियरिंग जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने के लिए छात्रों को कोटा के प्रतिष्ठित संस्थानों, जैसे मोशन एजुकेशन, से जोड़कर विशेष कोचिंग उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों के विद्यार्थी भी अपने सपनों को साकार कर सकें।

चमरा लिण्डा ने विद्यार्थियों से पूरी लगन और अनुशासन के साथ पढ़ाई करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कई छात्र-छात्राओं को विद्यालय की दूरी के कारण नियमित रूप से स्कूल आने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में निःशुल्क साइकिल वितरण योजना उनके लिए बड़ी राहत साबित होगी। इससे विद्यालयों में उपस्थिति बढ़ेगी और ड्रॉपआउट की समस्या को कम करने में भी मदद मिलेगी। अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की इस योजना के तहत सरकारी विद्यालयों में कक्षा 8 में अध्ययनरत विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिल उपलब्ध कराई जा रही है। वर्ष 2026-27 के लिए रांची जिले में कुल 16,780 साइकिलों के वितरण को मंजूरी दी गई है। कार्यक्रम में समेकित जनजाति विकास अभिकरण की परियोजना निदेशक मनीषा तिर्की, जिला शिक्षा पदाधिकारी विनय कुमार, प्रखंड कल्याण पर्यवेक्षक एनुल हक तथा विद्यालय की प्राचार्य एवं प्रबंधन टीम सहित कई अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Tags - Ranchi bicycle distribution Minister Chamra Linda