द फॉलोअप डेस्कः
सारण जिले के जनता बाजार थाने के सेंदुआर गांव में उपनयन संस्कार कार्यक्रम शिरकत करने पहुंची भोजपुरी गायिका निशा उपाध्याय को मंगलवार रात हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लग गई। गोली उनके पैर में लगी है, जिसके बाद अफरा-तफरी का माहौल हो गया। उन्हें गंभीर स्थिति में आनन-फानन में इलाज के लिए पटना के मैक्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां पर उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टर ने गायिका का सफल ऑपरेशन किया और पैर से गोली निकाल दी है। बता दें कि निशा उपाध्याय ने काफी कम समय में अपनी पहचान भोजपुरी इंडस्ट्री में बनाई है। उनके भोजपुरी गीतों को लोग काफी पसंद करते हैं। वहीं,इस घटना के बाद काफी हड़कंप मचा हुआ है और उनके बहुत से जानने वाले लोग उनका हालचाल जानने पटना के मैक्स अस्पताल पहुंच चुके हैं।
देर रात तक चल रहा था कार्यक्रम
गौरतलब है कि कार्यक्रम के दौरान कुछ लोग हर्ष फायरिंग कर रहे थे, इसी में यह घटना घटी है। घटना के बाद फायरिंग करने वाले लोग वहां से फरार हो गए हैं। फायरिंग की सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची है और मामले की जांच में जुट गई है। जिसके यहां यह कार्यक्रम था, उससे भी पुलिस पूछताछ कर रही है। जानकारी के मुताबिक निशा सेंदुआर गांव में उपनयन संस्कार कार्यक्रम प्रस्तुति देने पहुंची थी। कार्यक्रम में कुछ युवक हर्ष फायरिंग कर रहे थे जिसमें से एक गोली उनको लग गई। बताया जाता है कि देर रात रात तक कार्यक्रम चल रहा था।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N