logo

रांची में फूड स्टॉलों की जांच, खाद्य सुरक्षा विभाग ने चलाया अभियान

रांची में फूड स्टॉलों की जांच, खाद्य सुरक्षा विभाग ने चलाया अभियान

द फॉलोअप, रांची: 

Ranchi News: खाद्य सुरक्षा (Food Safety) सुनिश्चित करने और आम लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संयुक्त खाद्य सुरक्षा आयुक्त अनुज प्रसाद (Joint Food Safety Commissioner Anuj Prasad) के नेतृत्व में शुक्रवार को रांची के मोरहाबादी स्थित वेंडर मार्केट में खाद्य सुरक्षा जांच अभियान (Inspection drive) चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न फूड स्टॉलों का निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच की गई। जांच के क्रम में फूड वेंडर्स के खाद्य पंजीकरण, स्टॉलों की साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता तथा खाद्य पदार्थों को तैयार करने और परोसने वाले कर्मियों की व्यक्तिगत स्वच्छता का जायजा लिया गया। कर्मियों के हेड कैप, ग्लव्स और एप्रन के उपयोग सहित स्वच्छता संबंधी आवश्यक मानकों की भी जांच की गई। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की त्वरित जांच के लिए मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब का उपयोग किया गया। इसके माध्यम से पनीर, सॉस, चटनी, चाट सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों की मौके पर ही जांच की गई। अभियान के दौरान कुल 40 फूड स्टॉलों का निरीक्षण किया गया तथा 22 खाद्य नमूनों की जांच की गई।

मिलावटी खाद्य पदार्थ मौके पर ही नष्ट

जांच में पनीर के दो नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए, जबकि चाट के दो नमूनों में औद्योगिक रंग (Industrial paint) की पुष्टि हुई। मिलावटी पाए गए खाद्य पदार्थों को मौके पर ही जब्त कर नष्ट कर दिया गया। इस दौरान संयुक्त खाद्य सुरक्षा आयुक्त अनुज प्रसाद ने बताया कि खाद्य सुरक्षा नियमों (Food safety regulations) का उल्लंघन करने वाले स्टॉल संचालकों के विरुद्ध चेतावनी के तौर पर 500 रुपये का जुर्माना लगाने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, वेंडर मार्केट परिसर में ही विशेष शिविर (Special Camp) लगाकर खाद्य कारोबारियों का पंजीकरण कराया जाएगा, ताकि सभी विक्रेता नियमानुसार खाद्य कारोबार संचालित कर सकें। अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी (Food Safety Officer) डॉ. पवन कुमार, अमित कुमार राम, नम्रता महतो, मनीषा, सौरभ सिंह एवं रवि हांसदा सहित अन्य कर्मी शामिल थे। खाद्य सुरक्षा प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि आम जनता के स्वास्थ्य की सुरक्षा और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता (Quality of food products) सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Tags - Food Safety Department Food Inspection Public Health Ranchi News update Jharkhand News