द फॉलोअप डेस्क
बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय का दूसरा दीक्षांत समारोह आज शुक्रवार को धनबाद के न्यू टाउन हॉल में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10:30 बजे होनी है। समारोह के लिए गुरुवार शाम को विश्वविद्यालय के अधिकारियों, डीन और विधायकों की उपस्थिति में फुल ड्रेस रिहर्सल किया गया, जिसमें एकेडमिक शोभा यात्रा और उपाधि वितरण का अभ्यास भी हुआ।
समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मौजूद रहेंगे। वे विश्वविद्यालय के बेस्ट ग्रेजुएट, बेस्ट पोस्ट ग्रेजुएट और पीएचडी करने वाले छात्रों को गोल्ड मेडल और डिग्रियां प्रदान करेंगे। कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए विश्वविद्यालय ने एक मिनट में चार विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान करने का लक्ष्य निर्धारित किया है और छात्रों के लिए आवश्यक गाइडलाइन भी जारी की गई है।.jpg)
इस अवसर पर कुल 220 छात्र-छात्राओं को गोल्ड मेडल और उपाधियां प्रदान की जायेंगी। इनमें 35 पीएचडी शोधार्थी और तीन एकेडमिक सत्रों के विभिन्न विषयों के टॉपर शामिल हैं। इसके साथ ही एमबीबीएस, एलएलबी, बीएड, एमएड, बीसीए और बीबीए जैसे प्रोफेशनल कोर्स के मेधावी छात्रों को भी मंच पर सम्मानित किया जाएगा।
वहीं इस बार के दीक्षांत समारोह में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने पहली बार यूजी के विभागवार टॉपर्स को भी गोल्ड मेडल देने का निर्णय लिया है। कुल मिलाकर स्नातक के 78 और स्नातकोत्तर के 80 विद्यार्थियों को उनके बेहतर शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए डिग्री और मेडल से नवाजा जाएगा।