logo

बरहरवा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ का बड़ा एक्शन, 194 पाउच-बोतल विदेशी शराब के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

WINE0018.jpg

साहिबगंज
साहिबगंज जिले के बरहरवा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई आनंद विहार एक्सप्रेस के निर्धारित आगमन के दौरान आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में की गई।
छापेमारी अभियान में आरपीएफ पोस्ट बरहरवा की टीम तथा सीपीडीएस मालदा की संयुक्त टीम शामिल थी। प्लेटफॉर्म संख्या-1 स्थित आरपीएफ कार्यालय के समीप तीन युवक पिट्ठू बैग लेकर ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रहे थे। संदेह होने पर उनके बैगों की तलाशी ली गई, जिसमें बड़ी मात्रा में भारतीय निर्मित विदेशी मदिरा (आईएमएफएल) बरामद हुई।

तीनों आरोपियों ने स्वीकार किया अपराध 
आरपीएफ के अनुसार, सुमन कुमार के बैग से 78 पाउच ऑफिसर्स चॉइस व्हिस्की, रौशन कुमार के बैग से 80 पाउच ऑफिसर्स चॉइस व्हिस्की तथा 2 बोतल सिग्नेचर प्रीमियर ग्रेन व्हिस्की, जबकि प्रवीण कुमार के बैग से 12 पाउच ऑफिसर्स चॉइस व्हिस्की और 22 बोतल रॉयल स्टेज व्हिस्की बरामद की गई। कुल 194 पाउच एवं बोतलों में लगभग 40.35 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 34,860 रुपये बताई गई है।
पूछताछ में तीनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे बरहरवा से शराब लेकर जमालपुर के रास्ते मुंगेर में अवैध बिक्री के उद्देश्य से जा रहे थे। हालांकि, वे शराब के परिवहन से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या परमिट प्रस्तुत नहीं कर सके। आरपीएफ ने विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत शराब जब्त कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके बाद अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग, साहिबगंज को सूचना दी गई। आबकारी विभाग की टीम के पहुंचने पर जब्त विदेशी शराब एवं गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर विभाग को सुपुर्द कर दिया गया।

 

Tags - Barharwa Railway Station RPF Illegal Liquor Sahibganj Liquor Smuggling