logo

विधायक प्रकरण पर बंधु तिर्की का BJP पर सीधा हमला, बृजभूषण सिंह मामले में दीपक प्रकाश की चुप्पी पर उठाए सवाल

विधायक प्रकरण पर बंधु तिर्की का BJP पर सीधा हमला, बृजभूषण सिंह मामले में दीपक प्रकाश की चुप्पी पर उठाए सवाल

रांची 

कांग्रेस भवन (Congress Bhawan) में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस (Press Conference) को संबोधित करते हुए कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की (Bandhu Tirkey) ने सिमडेगा विधायक (Simdega MLA) से जुड़े प्रकरण पर कहा कि मामला गंभीर है। इस संबंध में प्राथमिकी (FIR) दर्ज हो चुकी है और जांच (Investigation) की प्रक्रिया चल रही है। ऐसे संवेदनशील मामले में किसी को भी जांच को प्रभावित करने का प्रयास नहीं करना चाहिए। जांच में सभी पक्षों को सहयोग करना चाहिए और कानून को अपना काम करने देना चाहिए।

दोषी के खिलाफ खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई पर जोर 
बंधु तिर्की ने कहा कि कांग्रेस का स्पष्ट मत है कि इस पूरे मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। चाहे वह विधायक हो, पत्रकार हो या कोई अन्य व्यक्ति, कानून सबके लिए बराबर है। किसी को राजनीतिक संरक्षण नहीं मिलना चाहिए और न ही किसी को राजनीतिक दुर्भावना के आधार पर फंसाया जाना चाहिए।

भाजपा सांसद दीपक प्रकाश से सवाल
उन्होंने भाजपा सांसद दीपक प्रकाश से सवाल किया कि आज वह इस मामले को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं और पत्रकारों के मुद्दे पर आवाज उठा रहे हैं, लेकिन जब बृजभूषण सिंह पर इसी तरह के गंभीर आरोप लगे थे, तब सांसद रहते हुए उनकी आवाज क्यों खामोश थी? उस मामले में प्राथमिकी दर्ज होने में कई महीने लग गए थे। क्या उस समय पीड़ितों के सम्मान और न्याय की चिंता नहीं थी? भाजपा नेताओं को अपनी सुविधा के हिसाब से महिला सुरक्षा और न्याय के मुद्दों पर अलग-अलग रुख नहीं अपनाना चाहिए।


बाबूलाल मरांडी से भी कई सवाल पूछे
बंधु तिर्की ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी से भी कई सवाल पूछे। उन्होंने कहा कि भाजपा को स्पष्ट करना चाहिए कि बाबूलाल मरांडी के पास वह नाबालिग बच्ची कैसे पहुंची? उन्हें उस बच्ची से किसने मिलवाया? यदि बच्ची ने उन्हें अपनी पीड़ा बताई थी तो वे उसे लेकर सीधे पुलिस थाने क्यों नहीं गए? उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को इसकी सूचना क्यों नहीं दी? आखिर इस पूरे मामले में बाबूलाल मरांडी ने अपनी ओर से क्या कदम उठाए? एक नाबालिग बच्ची से जुड़े इतने संवेदनशील मामले में राजनीति करने के बजाय उसकी सुरक्षा और कानूनी प्रक्रिया को प्राथमिकता क्यों नहीं दी गई?


भाजपा नेताओं पर धरना-प्रदर्शन और बयानबाजी का आरोप 
उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता आज जांच पूरी होने से पहले ही धरना-प्रदर्शन और बयानबाजी कर रहे हैं। क्या भाजपा को जांच एजेंसियों और न्यायिक प्रक्रिया पर भरोसा नहीं है? भाजपा को इस मामले में उछल-कूद करने के बजाय जांच पूरी होने देनी चाहिए। किसी भी पीड़ित की पहचान और निजता सार्वजनिक नहीं होनी चाहिए।


पूर्व मुख्यमंत्री इन दिनों गाड़ी-गाड़ी खेलने में व्यस्त
बंधु तिर्की ने तंज कसते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री इन दिनों गाड़ी-गाड़ी खेलने में व्यस्त हैं, लेकिन उन्हें यह बताना चाहिए कि संवेदनशील मामलों में उनकी वास्तविक भूमिका क्या रही है। केवल प्रेस बयान और धरना देने से न्याय नहीं मिलता। न्याय के लिए तथ्यों, साक्ष्यों और कानूनी प्रक्रिया का सम्मान करना पड़ता है। अंत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी भी दोषी को बचाने के पक्ष में नहीं है। सिमडेगा विधायक प्रकरण की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। जांच में जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई हो। भाजपा राजनीतिक शोर मचाना बंद करे और जांच को अपना काम करने दे।


 

Tags - Bandhu Tirkey Simdega MLA Case Brij Bhushan Singh Deepak Prakash BJP Politics