द फॉलोअप डेस्क
राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन के अंतिम दिन विधानसभा परिसर में राजनीतिक गतिविधियां चरम पर रहीं। महागठबंधन की ओर से उम्मीदवार बैजनाथ राम और प्रणव झा ने विधानसभा पहुंचकर नामांकन दाखिल किया। वहीं उद्योगपति परिमल नाथवानी ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन पत्र जमा किया। नामांकन के दौरान विभिन्न दलों के विधायक और मंत्री भी विधानसभा पहुंचते रहे। नामांकन से पहले भाजपा सचेतक नवीन जायसवाल के आवास पर भाजपा विधायकों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक में परिमल नाथवानी भी शामिल हुए और पार्टी नेताओं से मुलाकात की। बैठक के बाद वे भाजपा विधायकों के साथ विधानसभा पहुंचे और नामांकन दाखिल किया। नाथवानी के भाजपा नेताओं के साथ दिखाई देने से उनके समर्थन को लेकर चल रही चर्चाओं को और बल मिला।

बाबूलाल मरांडी ने दिए समर्थन के संकेत
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि परिमल नाथवानी पहले भी झारखंड से राज्यसभा सदस्य रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव में केवल संख्या बल ही नहीं, बल्कि उम्मीदवार द्वारा किए गए कार्यों को भी देखा जाना चाहिए। हालांकि भाजपा ने अभी तक आधिकारिक रूप से समर्थन की घोषणा नहीं की है, लेकिन मरांडी के बयान को नाथवानी के पक्ष में सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।

बैजनाथ राम और प्रणव झा के नामांकन की पूरी तैयारी
बैजनाथ राम ने दो सेट में नामांकन दाखिल किया, जिनमें प्रत्येक सेट पर 10-10 विधायकों के हस्ताक्षर हैं। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा ने एक सेट में अपना नामांकन दाखिल किया। उनके प्रस्तावकों में प्रदीप यादव, राजेश कच्छप, राधाकृष्ण किशोर, शिल्पी नेहा तिर्की, दीपिका पांडेय सिंह, नमन विक्सल कोनगाड़ी, भूषण बाड़ा, सुरेश बैठा और कुमार जयमंगल उर्फ अनूप सिंह शामिल हैं। अब 18 जून को होने वाले मतदान पर सभी की नजरें टिकी हैं।