logo

Plamu News : छतरपुर में दागी परेड और क्राइम मीटिंग, 22 दागियों से पूछताछ; अपराधियों पर निगरानी के निर्देश

छतरपुर में दागी परेड और क्राइम मीटिंग, 22 दागियों से पूछताछ; अपराधियों पर निगरानी के निर्देश

छतरपुर/पलामू: 
Plamu News: पुलिस अधीक्षक पलामू कपिल चौधरी ( SP Kapil Chaudhary) के निर्देश पर छतरपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) प्रशांत कुमार  (Prashant Kumar) के कार्यालय में दागी परेड और क्राइम मीटिंग (Crime Meating) का आयोजन किया गया। दागी परेड में अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चिन्हित कुल 22 दागी उपस्थित हुए।

दागियों से ली गई वर्तमान गतिविधियों की जानकारी
एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने दागियों से उनकी वर्तमान गतिविधियों और स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान सभी को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि वे किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि में शामिल न हों और न ही किसी अपराधी को सहयोग या संरक्षण दें। पुलिस ने दागियों को चेतावनी दी कि उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। भविष्य में यदि किसी आपराधिक गतिविधि में उनकी संलिप्तता पाई जाती है या उनके द्वारा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास किया जाता है, तो उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

लंबित कांडों और फरार अपराधियों की हुई समीक्षा
दागी परेड के बाद एसडीपीओ कार्यालय में क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में अनुमंडल क्षेत्र के सभी थाना प्रभारियों और पुलिस पदाधिकारियों के साथ अपराध की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई। इस दौरान लंबित कांडों, वारंट एवं कुर्की, फरार और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी तथा गंभीर मामलों में अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली गई। एसडीपीओ ने थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि दागी और सक्रिय अपराधियों पर लगातार निगरानी रखते हुए उनका नियमित सत्यापन किया जाए। आवश्यकतानुसार उनके खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई भी सुनिश्चित करने को कहा गया।

फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और गश्ती बढ़ाने का निर्देश
प्रशांत कुमार ने फरार एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने और लंबित कांडों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया। इसके अलावा संवेदनशील इलाकों में नियमित गश्ती और वाहन जांच को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। क्षेत्र में शांति-व्यवस्था बनाए रखना और आम लोगों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Tags - Palamu News Chhatarpur Jharkhand Police Crime News SDPO Prashant Kumar