द फॉलोअप डेस्क:
जमशेदपुर के हिमांशु हत्याकांड मामले में सरायकेला-खरसावां की एसपी निधि द्विवेदी और पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी पीयूष पांडेय को हटाने की कार्रवाई को नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने खानापूर्ति करार दिया है। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि यदि सरकार वाकई विधि-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर गंभीर है तो उन पुलिसकर्मियों पर मुकदमा दर्ज होना चाहिए था, जिनकी मौजूदगी में हिमांशु और पीयूष नाम के लड़के पर जानलेवा हमला किया गया।
जमशेदपुर में पुलिस गाड़ी से खींचकर युवक की हत्या किए जाने के मामले में एसपी/एसएसपी को सस्पेंड कर मुख्यमंत्री @HemantSorenJMM जी दिखावे की कारवाई कर रहे हैं।
— Babulal Marandi (@yourBabulal) July 2, 2026
यदि मुख्यमंत्री वास्तव में हत्याकांड के दोषियों को सजा दिलाने के लिए गंभीर हैं तो उन पुलिसकर्मियों पर प्राथमिकी दर्ज… pic.twitter.com/tTdWMxJxMx
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई करने की जगह उस डबल डाउन बार के संचालकों पर केस किया गया है, जिनके यहां लड़कों ने खाना खाया था। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि यदि कोई मेरे घर से भोजन करके निकलता है और फिर सड़क पर कहीं लड़ पड़ता है तो क्या अपराधी मुझे माना जायेगा।

राज्य सरकार को बाबूलाल ने ठहराया जिम्मेदार
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड में कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने झारखंड की बिगड़ी विधि-व्यवस्था के लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि सबसे पहले उन अधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए था, जिनके सामने हिमांशु और प्रत्युष पर जानलेवा हमला किया गया था। उन्होंने कहा कि किसी अधिकारी को उसके पद से हटा देना सजा नहीं होती है। अधिकारियों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए थी।

मुख्य आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर
गौरतलब है कि जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन बार के समीप पीसीआर की मौजूदगी में करणी सेना से जुड़े हिमांशु सिंह और प्रत्यूष पर हमला हुआ था। टीएमएच में इलाज के दौरान हिमांशु की मौत हो गई, जबकि प्रत्यूष कोलकाता के एक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है। पुलिस ने इस केस में 3 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि 8 लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की गई है। मुख्य आरोपी अभी भी फरार है और पुलिस ने उसकी सूचना देने वाले को 2 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।