रांची:
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने रविवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता पर जमकर निशाना साधा। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सरयू राय अच्छे नेता हैं। मेरे बहुत अच्छे मित्र हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सरयू राय ने बन्ना गुप्ता के जिन कारगुजारियों को उजागर किया है वो काम मुख्यमंत्री पहले ही कर चुके हैं।
सरयू राय से बातचीत का जिक्र करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सीएम स्वास्थ्य मंत्री पर क्या कार्रवाई क्या करेंगे जब उन्होंने खुद ऐसा काम किया है।
मुख्यमंत्री ने किया पद का दुरुपयोग
बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए खदान लीट का आवंटन स्वयं और अपने लोगों के नाम करा लिया। जब पकड़े गए तो खान विभाग ने कहा कि मुख्यमंत्री ने आवंटन सरेंडर कर दिया है। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि हमने राज्यपाल से कहा कि इस सरकार को बर्खास्त किया जायेगा। नैतिकता के आधार पर मुख्यमंत्री को खुद इस्तीफा देना चाहिए था, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया।

विधि-व्यवस्था के मसले पर फेल रही सरकार!
बीजेपी विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि इस सरकार का बने रहना राज्य के लिए नुकसानदेह होगा। अब हम तमाम मुद्दों को जनता के बीच ले जाएंगे। पंचायत चुनाव की अधिसूचना जारी होने की ववजह से बीजेपी 21 से 30 अप्रैल तक शहरी इलाकों में आंदोलन करेगी। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि किसी भी सरकार का पहला काम होता है लॉ एंड ऑर्डर को नियंत्रित करना लेकिन हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं।
रघुवर दास कार्यकाल में ऐसा लगा था कि उग्रवाद समाप्त हो गया लेकिन इस सरकार में उनकी उपस्थिति समय-समय पर दृष्टिगोचर होती रहती है। सरकार पूरी तरह विफल रही है।