द फॉलोअप डेस्क, रांची:
Jharkhand News: जामताड़ा (Jamtara Couple Suicide) में नवविवाहित कपल की मौत पर ऑनर किलिंग का शक जताते हुए नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी (Babulal Marandi) ने सीबीआई (CBI) जांच की मांग की है। गौरतलब है कि बीते शनिवार को जामताड़ा में रेलवे ट्रैक पर 20 वर्षीय हिंदू युवक और 17 वर्षीय मुस्लिम युवती का शव क्षत-विक्षत हालत में मिला था। दोनों का सिर, धड़ से अलग हो गया था। घटना से पहले कपल ने रील बनाया था। इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर भी पोस्ट की थी, जिसमें युवक ने लिखा था कि उनकी मौत के बाद उन्हें साथ में दफनाया जाए। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अलग समुदाय का होने की वजह से परिजन उनकी शादी के लिए तैयार नहीं थे। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को कथित तौर पर मंदिर में विवाह रचाने के बाद प्रेमी युगल ने ट्रेन से कटकर जान दे दी। हालांकि, अब बाबूलाल मरांडी ने ऑनर किलिंग की आशंका जताई है।

बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया पर क्या लिखा!
बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि नवविवाहित हिंदू समुदाय के युवक और मुस्लिम समाज की युवती की संदिग्ध परिस्थतियों में मौत का मामला बहुद दुखद और गंभीर है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया यह मामला ऑनर किलिंग का प्रतीत होता है। यदि यह ऑनर किलिंग का मामला है तो, केवल 2 जिंदगियों की हत्या नहीं बल्कि व्यक्तिगत स्वतंत्रता और मानवीय अधिकारों पर क्रूर प्रहार है। बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि जामताड़ा पुलिस घटनास्थल की जांच के साथ-साथ तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल्स और अन्य अहम पहलुओं की भी गहनता से जांच करे, ताकि इस घटना की सच्चाई सामने आ सके।
जामताड़ा में नवविवाहित हिंदू समुदाय के युवक और मुस्लिम समाज की युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु का मामला अत्यंत दुखद और गंभीर है। प्रथम दृष्टया यह मामला ऑनर किलिंग का प्रतीत होता है। यदि ऑनर किलिंग का मामला है, तो यह केवल दो जिंदगियों की हत्या नहीं, बल्कि व्यक्तिगत स्वतंत्रता और मानवीय अधिकारों पर भी क्रूर प्रहार है। @jamtarapolice घटनास्थल की जांच के साथ-साथ तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल्स और अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं की भी गहनता से जांच करे, ताकि इस घटना की सच्चाई सामने आ सके और दोषियों को किसी भी परिस्थिति में बचने का मौका न मिले। मुख्यमंत्री @HemantSorenJMM जी, मामले की गंभीरता और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए CBI जांच का आदेश दें, ताकि किसी भी दबाव या प्रभाव से मुक्त होकर सच्चाई सामने आए और पीड़ितों को न्याय मिल सके। @BJP4India @BJP4Jharkhand
— Babulal Marandi (@yourBabulal) October 25, 2026
बाबूलाल मरांडी ने घटना की CBI जांच की मांग की
बाबूलाल मरांडी ने मामले की गंभीर और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से केस की सीबीआई जांच का आदेश देने की अपील की है। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सीबीआई जांच इसलिए जरूरी है ताकि किसी भी दबाव या प्रभाव से मुक्त होकर सच्चाई सामने आए और पीड़ितों को न्याय मिल सके।

24-25 अक्टूबर की दरमियानी रात रेलवे ट्रैक पर लाश मिली
घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक जामताड़ा जिले के करमाटांड़ प्रखंड अंतर्गत रिंगोचिंगो गांव के रहने वाले 20 वर्षीय रॉकी कुमार मंडल और 17 वर्षीय नाजिया खातून के बीच पिछले 2 वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों ने शुक्रवार को कथित तौर पर मंदिर में विवाह रचाया और उसी रात सुसाइड कर लिया। दोनों के साथ में कई रील सोशल मीडिया पर वायरल है।
रॉकी और नाजिया का शव 24-25 अक्टूबर की दरमियानी रात को विद्यासागर-मदनकट्टा रेलवे स्टेशन के बीच नवाडीह-दुर्गापुर के पास रेलवे ट्रैक पर मिला था।