logo

BJP ने रवाना किया 'विकसित भारत संकल्प यात्रा' रथ, बाबूलाल मरांडी और कर्मवीर सिंह ने दिखाई हरी झंडी

a640.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव 2024 में उतरने का ऐलान कर दिया है। 2 मार्च को बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति ने 16 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों की 195 लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। झारखंड की 14 में से 11 लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान किया जा चुका है। प्रत्याशियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि वे जनता के बीच जायें। संवाद स्थापित करें। कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया गया है कि वे बूथों में मतदाताओं को केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दें। इस बीच सोमवार को झारखंड बीजेपी ने विकसित भारत संकल्प यात्रा रथ को राज्य की सभी विधानसभा के लिए रवाना किया। 

बाबूलाल मरांडी और कर्मवीर सिंह ने दिखाई हरी झंडी
सोमवार को झारखंड बीजेपी अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और संगठन मंत्री कर्मवीर सिंह ने विकसित भारत संकल्प यात्रा रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। भगवा रंग में रंगी जिप्सी को गुब्बारों, फूलों और बैनर-पोस्टर से सजाकर रवाना किया गया। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की तस्वीर लगी है जिसमें विकसित भारत-मोदी की गारंटी लिखा हुआ है। रथ यात्रा में नमो एप डाउनलोड करने के लिए स्कैनर लगा हुआ है और साथ ही जनता से अपील की गई है कि वे- 909090 2024 पर मिस्ड कॉल देकर भी विकसित भारत संकल्प यात्रा के साथ जुड़ सकते हैं। विकसित भारत संकल्प यात्रा रथ जब सुदूरवर्ती ग्रामीण इलाकों में भ्रमण करेगा तो लोग अपने सुझाव भी दे सकेंगे जो सीधा प्रधानमंत्री तक पहुंचेगा। लोग नमो एप और पोर्टल पर जाकर भी अपने सुझाव दे सकते हैं। गौरतलब है कि अभी केंद्रीय निर्वाचन आयोग ने लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान नहीं किया है लेकिन यह इस महीने कभी भी किया जा सकता है। सभी पार्टियां चुनावी मोड में है। 

बीजेपी प्रवक्ता राफिया नाज ने बताया इसका उद्देश्य
सोमवार को कार्यक्रम की जानकारी देते हुए प्रदेश बीजेपी प्रवक्ता राफिया नाज ने बताया कि "झारखंड प्रदेश कार्यालय से बाबूलाल मरांडी और संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने भारत विकसित संकल्प यात्रा रथ को रवाना किया। जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए यह रथ निकला है। सुदूरवर्ती ग्रामीण इलाकों तक विकास योजनाओं को पहुंचाया जायेगा। लोग योजनाओं के बारे में जानेंगे। झारखंड के सभी विधानसभा क्षेत्रों तक यह रथा घूमेगा। विकसित भारत के संकल्प के साथ लोग प्रधानमंत्री तक अपना सुझाव भी भेज सकते हैं"। बीजेपी द्वारा पहले चरण में झारखंड की 11 लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नाम का ऐलान करने पर राफिया नाज ने कहा कि" महागठबंधन में अंतर्कलह दिखता है। मंत्रिमंडल के लिए लड़ाई थी। सब अपना हित देखते हैं। बीजेपी ने उम्मीदवार जनता के लिए जनता के सुझाव से उम्मीदवार उतारे हैं। प्रत्याशियों ने जनता की सहायता कर यह मुकाम हासिल किया है। हमारा कोई कॉम्पिटीशन नहीं है। हम जनता के लिए कार्य करते हैं।" 

राफिया नाज, प्रवक्ता, झारखंड बीजेपी

झारखंड की 14 में से 11 लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान
गौरतलब है कि बीजेपी ने झारखंड के राजमहल लोकसभा सीट से ताला मरांडी, गोड्डा से निशिकांत दुबे, दुमका से सुनील सोरेन, सिंहभूम से गीता कोड़ा, खूंटी से अर्जुन मुंडा, लोहरदगा से समीर उरांव, कोडरमा से अन्नपूर्णा देवी, जमशेदपुर से विद्युत वरण महतो, रांची से संजय सेठ, हजारीबाग से मनीष जायसवाल को प्रत्याशी बनाया है। धनबाद, चतरा और गिरिडीह लोकसभा सीट पर प्रत्याशियों का ऐलान बाकी है।