logo

अटल विचार वाहिनी ने वाजपेयी को किया याद, वक्ताओं ने कहा- 'साकार हो रहे अटल जी के सपने'

वाजपेयी.jpg

द फॉलोअप डेस्क
भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर जमशेदपुर में अटल विचार वाहिनी के तत्वावधान में गुरूवार की संध्या एक स्थानीय होटल में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन विशेष रूप से पूर्व सैनिकों, वरिष्ठ नागरिकों तथा खिलाड़ियों को समर्पित रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पण के साथ हुआ। इसके पश्चात उपस्थित जनसमूह ने अटल बिहारी वाजपेयी अमर रहें एवं भारत माता की जय के गगनभेदी नारों के साथ अटल बिहारी वाजपेयी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक पूर्णिमा साहू, पोटका की भाजपा प्रत्याशी मीरा मुंडा, इंटक नेता राकेश्वर पांडे सहित शहर के वरिष्ठ अभिभावक मुरलीधर केडिया, ए.के. श्रीवास्तव, जयप्रकाश राय, वरुण कुमार, सिद्धनाथ सिंह, बृजभूषण सिंह सहित अनेक गणमान्य अतिथियों, पूर्व सैनिक सेवा परिषद के पदाधिकारियों, संपादकों एवं समाज के विशिष्ट जनों की गरिमामयी उपस्थिति रही जिससे कार्यक्रम की भव्यता और गरिमा और भी बढ़ गई।
वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें सर्व स्वीकार्य, संवेदनशील एवं राष्ट्र को सर्वोपरि रखने वाला नेता बताया। सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि "अटल जी जैसा बनना अपने आप में एक सपना है।" विधायक पूर्णिमा साहू ने उनके विचारों को स्मरण करते हुए कहा छोटे मन से कोई बड़ा नहीं होता। वहीं मीरा मुंडा ने कहा कि "अटल जी के अधूरे सपनों को आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साकार करने का कार्य कर रहे हैं। राकेश्वर पांडे ने कहा कि "अटल जी सभी वर्गों के प्रिय थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अमरप्रीत सिंह काले ने कहा कि अटल जी हमारे हृदय में सदैव जीवित रहेंगे।"
कार्यक्रम के दौरान अंतरराष्ट्रीय स्तर के वेटरन खिलाड़ियों, विभिन्न खेल स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उदीयमान खिलाड़ियों, बुजुर्ग एवं वरिष्ठ नागरिकों तथा पूर्व सैनिकों को मोमेंटो एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया जो आयोजन का विशेष आकर्षण रहा। अटल विचार वाहिनी के संस्थापक अमरप्रीत सिंह काले ने इस अवसर पर अटल बिहारी वाजपेयी पर स्वयं रचित एक भावनात्मक कविता का पाठ किया जिसने पूरे सभागार को भावविभोर कर दिया। 
मुख्य अतिथि सहित अन्य वक्ताओं ने विगत एक दशक से निरंतर 25 दिसंबर को अटल जयंती के आयोजन के लिए अमरप्रीत सिंह काले की सराहना की और कहा कि इस प्रकार के सर्वधर्म समभाव एवं गैर-राजनीतिक आयोजनों से समाज के हर वर्ग,  विशेषकर युवा पीढ़ी को जीवन में शुचिता, उच्च आदर्शों, सामाजिक समरसता एवं  राष्ट्रसेवा की प्रेरणा मिलती है।
 

Tags - jharkhand news jharkhand khabar jharkhand update jharkhand latest update jamshedpur news jamshedpur khabar