logo

कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड में गैंगस्टर विक्रम शर्मा का करीबी हिरासत में

nikhar.jpg

जमशेदपुर:

जमशेदपुर के युवा होटल कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड मामले में पुलिस ने गैंगस्टर विक्रम शर्मा के करीबी को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि कोलकाता से सड़क मार्ग से जमशदेपुर लौटने के क्रम में आरोपी को गिरफ्तार किया गया। चांडिल थाना में सरायकेला पुलिस की टीम पूछताछ में जुटी है। पुलिस को आशंका है कि निखार सबलोक हत्याकांड में गैंगस्टर विक्रम शर्मा के करीबी की भूमिका हो सकती है। इस केस में अन्य 4 लोगों को भी गिरफ्तार करने की सूचना है। प्रारंभिक जांच में कथित तौर पर सिदगोड़ा के एग्रिको स्थित जमीन विवाद को हत्याकांड की वजह माना जा रहा है। हालांकि, इस बात की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। 

कारोबारी निखार सबलोक को लगी 12 गोलियां
गौरतलब है कि सोमवार दोपहर चांडिल थानाक्षेत्र के 10th माइल स्टोन रेस्टोरेंट में निखार सबलोक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि निखार को कुल 12 गोलियां लगी थीं। दोनों कनपटियों में 2-2, गर्दन और पेट में 1-1, पीठ में 2 और दोनों कंधों पर 2-2 गोलियां लगी थीं। अपराधियों ने करीब से 2 पिस्तौल से गोलियां चलाई थीं। पोस्टमार्टम के बाद दोपहर करीब 2:30 बजे शव कदमा स्थित विजया हेरिटेज आवास लाया गया। यहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। कई कारोबारी और नेता अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। करीब 3:15 बजे अंतिम यात्रा निकली और बिष्टुपुर स्थित पार्वती घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।

निखार सबलोक हत्याकांड में सियासत शुरू
विधायक सरयू राय ने इस दौरान पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सिदगोड़ा में जमीन कब्जे के मामले में बन्ना गुप्ता पैरवी कर रहे थे। सरयू राय ने घटना को शासन-प्रशासन के लिए सबक बताते हुए हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

Tags - Businessman Murder CaseGangster Vikram SharmaNikhar Sablok Murder CaseSaraikela Police